कोरोना कालखंड के बाद अब अमेरिका ने अपनी सीमाओं को खोलना शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 19 माह बाद कनाडा और मैक्सिको से लगती अमरीकी सीमाएं खोल दी हैं। लोग सड़क और हवाई मार्ग से अब इन दोनों देशों में आ जा सकेंगे। यात्रा की अनुमति के लिए टीके की दोनों डोज लगी होना अनिवार्य शर्त है। वैक्सीन के दोनों डोज लगवाए बिना दोनों देशों में यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अन्य देशों की यात्रा पर जल्द लिया जा सकता है फैसला :
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अन्य देशों से आने वाले लोगों के लिए भी यात्रा प्रतिबंधों को हटाए जाने के बारे में जल्द ही कोई न कोई निर्णय किया जाएगा। बाइडेन प्रशासन द्वारा यात्रा प्रतिबंधों को हटाए जाने के इस कदम को अमेरिकी अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के प्रयासों के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने अब तक अपने देश में आने और जाने के लिए अनावश्यक यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिए थे। हालांकि जरूरी यात्रा साबित करने पर ही अनुमति दी जा रही है।
सड़क मार्ग से आने जाने वालों को निगेटिव सार्टिफिकेट नहीं होगा जरूरी:
सड़क मार्ग से कनाडा और मैक्सिको आने और जाने वाले लोगों के लिए जहां टीके की दोनों डोज जरूरी होंगी। वहीं हवाई यात्रियों के लिए दोनों डोज के साथ कोरोना का निगेटिव सर्टिफिकेट होना भी जरूरी होगा। फाइजर- मॉर्डन की दोनों डोज, जेएंडजे की सिंगल डोज और एस्ट्राजेनेका की दोनों डोज मान्य होंगी। न्यूयॉर्क के डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस्टन गिलीबैंड का मानना है कि यात्रा प्रतिबंधों के कारण उनके राज्य को अब तक लगभग 5 हजार करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अब प्रतिबंधों के हटने से लोगों का आवागमन शुरू हो सकेगा। पर्यटकों की आवाजाही से अर्थव्यवस्था में सुधार आएगा।
दुनिया के कई देशों में खुलेंगे पर्यटन स्थल:
फ्रांस में यात्रियों के लिए हेल्थ पास अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं पर्यटकों के लिए वैक्सीन की दोनों डोज लगी होनी जरूरी है। कुछ देशों से आने वाले लोगों के लिए निगेटिव प्रमाण-पत्र भी जरूरी कर दिया गया है। वहीं कैरिबियाई द्वीप समूह के प्रमुख पर्यटन स्थल बरमूडा को भी पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। लेकिन इसके लिए सभी विदेशियों का टीके की दोनों डोज लगवाना जरूरी है। मिस्र में तो सभी देशों के लोगों को आने की अनुमति दे दी गई है। हालांकि मिस्त्र आने वाले पर्यटकों को एयरपोर्ट पर हेल्थ सर्टिफिकेट देना अनिवार्य होगा। साथ ही टीके की दोनों डोज भी जरूरी होंगी। इसके अलावा आरटीपीसीआर निगेटिव टेस्ट भी अनिवार्य है। वहीं इंडोनेशिया का प्रमुख पर्यटन स्थल बाली द्वीप 17 महीने बाद खुला है। गुरुवार से यहां चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, न्यूजीलैंड और यूएई को पर्यटकों को आने की मंजूरी दी जा रही है।