– सत्ता के सेमीफाइनल में भाजपा का पलड़ा रहा भारी, पार्टी में जश्न का माहौल
मप्र उपचुनाव में एक बार फिर सीएम शिवराज सिंह चौहान का जादू आम लोगों के सिर पर चढ़कर बोला। मप्र में खंडवा लोकसभा सीट सहित तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए। चुनाव के दौरान जहां जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा सीट को भाजपा ने कांग्रेस से छीन लिया। वहीं रैगांव विधानसभा सीट पर 31 साल बाद कांग्रेस के खाते में चली गई। पिछले तीन दशकाें से इस सीट पर कमल खिला हुआ था। भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल ने खंडवा लोकसभा सीट को 81701 वोटों के बड़े अंतर से जीत लिया। कांग्रेस प्रत्याशी राजनारायण सिंह पुरनी ने काउंटिंग के अंतिम चरण में ही अपनी हार मान ली। रैगांव और जोबट सीट में रोचक मुकाबला देखने को मिला।
रैगांव जीत कांग्रेस ने विंध्य में मचाई हलचल
सतना की रैगांव विधानसभा सीट 31 साल बाद कांग्रेस के खाते में आई। यहां से कांग्रेस की प्रत्याशी कल्पना वर्मा ने 12545 वोटों से भाजपा की प्रतिमा बागरी को हराया। इस सीट पर कांग्रेस शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए थी। कल्पना वर्मा को 72 हजार 803 वोट मिले, जबकि प्रतिमा बागरी को 60558 वोट ही मिले। 14वें राउंड के बाद बीजेपी प्रत्याशी प्रतिमा बागरी का चेहरा उतर गया था और उन्होंने नतीजे घोषित होने से पहले ही हार मान ली थी। रैगांव सीट भाजपा का गढ़ रही है और 31 सालों से यहां कांग्रेस ने जीत दर्ज नहीं की है। कांग्रेस ने यह सीट जीत कर एक बार फिर विंध्य क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। यह सीट पूर्व मंत्री जुगुल किशोर बागरी के निधन के बाद खाली हुई थी। जिस पर भाजपा ने नए चेहरे को उतारा था।
कांग्रेस से भाजपा में आई सुलोचना ने जीती जोबट सीट
विधानसभा उपचुनाव के ठीक पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आईं सुलोचना रावत ने जोबट विधानसभा सीट में भाजपा का झंडा लहरा दिया। उन्होंने कांग्रेस के महेश पटेल को 6080 वोटों से हराया। पांच बार विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं सुलोचना यह चुनाव जीतकर चौथी बार विधायक बनी हैं। सुलोचना को 68752 वोट मिले हैं, जबकि महेश शर्मा को 62672 वोटों से संतोष करना पड़ा। साथ ही इस सीट से 5603 लोगों ने नोटा का बटन दबाया।
इसके अलावा भाजपा ने कांग्रेस की परंपरागत पृथ्वीपुर विधानसभा सीट को भी अपने कब्जे में कर लिया है। यूपी से आए भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल यादव ने पूर्व मंत्री ब्रजेंद्र सिंह राठौर के बेटे और कांग्रेस प्रत्याशी नितेंद्र सिंह को 15 हजार 687 वोटों हराया। भाजपा के शिशुपाल यादव को 82673 वोट मिले। जबकि कांग्रेस के नितेंद्र सिंह को 66986 वोट मिले।रिजल्ट से पहले ही कांग्रेस प्रत्याशी ने नितेंद्र सिंह राठौर ने हार मान ली। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल यादव को जीत की बधाई भी दी।
खंडवा लोकसभा सीट पर भाजपा ने शुरू से ही बनाकर रखी बढ़त
खंडवा में भी भाजपा के ज्ञानेश्वर पाटिल ने शुरुआत से ही बढ़त बनाकर रखी थी। पहले वे 63 हजार वोटों से आगे चल रहे थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच केवल 36 हजार वोटों का ही अंतर रहा। उन्होंने अपनी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत बताया।
सबसे ज्यादा वोटिंग पृथ्वीपुर में :
आंकड़ों पर अगर नजर डालें तो सबसे ज्यादा वोटिंग पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुई है। यहां अब तक कुल 78.14% मतदान हुआ हैं। वहीं सतना की रैगांव सीट में 69.21% और सबसे कम जोबट में 53.03% मतदान हुआ है। वहीं खंडवा लोकसभा क्षेत्र में 63.88 % वोटिंग हुई।
4 सीटों पर 48 उम्मीदवारों ने आजमाई अपनी किस्मत
तीन विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हो रहे चुनाव में कुल 48 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाई। हालांकि सभी सीटों पर मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा। खंडवा लोकसभा सीट से 16 प्रत्याशी मैदान में थे। वहीं रैगांव में 16, पृथ्वीपुर में 10 और जोबट में 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे। इस दौरान चुनाव आयोग ने भी साफ निर्देश दिया है कि चुनाव जीतने के बाद कोई भी उम्मीदवार विजयी जुलूस नहीं निकालेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी से जीत का सर्टिफिकेट प्राप्त करने के दौरान भी प्रत्याशी के साथ केवल 2 लोग साथ जा सकते हैं।
इस तरह रहा वोटों का गणित
खंडवा लोकसभा सीट : ज्ञानेश्वर पाटिल (भाजपा) : 630214
राजनारायण सिंह पुरनी (कांग्रेस) : 548831
रैगांव विस सीट : कल्पना वर्मा (कांग्रेस) : 72803
प्रतिमा बागरी (भाजपा) : 60558
पृथ्वीपुर विस सीट : शिशुपाल यादव (भाजपा) : 82673
नितेंद्र सिंह राठौर (कांग्रेस) : 66986
जाेबट विस सीट : सुलोचना रावत (भाजपा) : 68752
महेश पटेल (कांग्रेस) : 62672