देश के 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 29 विधानसभा और 3 लोकसभा सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे अब आने लगे हैं। इन सीटों पर 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। ताजा नतीजों से जानकारी मिली हैं कि राजस्थान में कांग्रेस ने एक सीट जीत ली है और एक पर बढ़त कायम है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस ने मंडी लोकसभा सीट और जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट पर कब्जा जमा लिया है। इसके अलावा एक और सीट अर्की पर वह आगे चल रही है।

असम में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दल यूपीपीएल सभी 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं त्रणमूल कांग्रेस बंगाल की सभी 4 सीटों पर जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है। मध्य प्रदेश में बीजेपी 2 विधानसभा और एक लोकसभा सीट को जीतने में कामयाब रही, जबकि कांग्रेस को एक सीट पर ही जीत मिल सकी। बिहार की बात करें तो आरजेडी के खाते में एक और जेडीयू के खाते में भी एक सीट जाती दिख रही है।

भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशियों की जमानत जब्त
आंध्र प्रदेश की बदवेल सीट पर वाईएसआर कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखा, कांग्रेस-भाजपा की जमानत जब्त हो गई। वाईएसआर कांग्रेस की प्रत्याशी डॉ. दसारी सुधा ने 90,411 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की है। वहीं कांग्रेस और बीजेपी के प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त हो गई है। दसारी सुधा को 1,12,072 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी कैंडिडेट को महज 21,661 वोट ही मिले हैं। पूर्व कांग्रेस विधायक पीएम कमलम्मा को महज 6,217 वोटों के साथ तीसरा स्थान मिला है। डॉ. दसारी सुधा के पति गुनथोटी सुबैया के निधन से यह सीट खाली हो गई थी।  

हिमाचल में कांग्रेस का क्लीन स्वीप
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा की फतेहपुर सीट से कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया जीते।  मंडी लोकसभा सीट से प्रतिभा सिंह को जीत मिल गई है। इसके अलावा अर्की विधानसभा सीट से भी कांग्रेस जीत गई है। जुब्बल कोटखाई से भी कांग्रेस ही जीती है। हरियाणा में ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतने की संभावनाओं के बीच इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने मतगणना केंद्र के बाहर मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया गया है और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस के जरिये पैसे बांटकर वोट खरीदने का काम किया है वरना वह और बड़े अंतर से जीतते। उन्होंने उपचुनाव में धनबल का आरोप लगाते हुए कहा कि मनोहर लाल खट्टर को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।