देश के सबसे बड़े त्योहार दीपावाली से पहले महंगाई और अधिक विकराल हो गई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने आम आदमी की जेब पर डाका डालते हुए 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर के दाम 265 रुपए बढ़ा दिए हैं। यह पहली बार है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में एक साथ इतनी बढ़ी बढ़ोत्तरी की गई हो। नए दामों के लागू होने के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 2000.50 रुपए में मिलेगा।

हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के बढ़े हुए दाम को कंपिनयां आधी रात से ही लागू कर देतीं हैं। वहीं दूसरी तरफ पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार छठवें दिन भी बढ़ोत्तरी की गई हैं। 

10 माह में 668 रुपए महंगा हुआ कमर्शियल सिलेंडर 
गैस कंपनियों द्वारा सालभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 668.50 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। 31 दिसंबर 2020 को दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1332 रुपए पर थी, जो अब 2000.50 पर पहुंच गई है। यानी केवल 10 माह में कमर्शियल गैस सिलेंडर 668.50 रुपए महंगा हो चुका है। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी इसकी कीमत में 43.5 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। कमर्शियल सिलेंडर के महंगे होने की वजह से रेस्टोरेंट का खाना-पीना काफी महंगा हो जाएगा। 

पिछले महीने बढ़ी थीं घरेलू गैस की कीमत 
इससे पहले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में इस साल दो से तीन बार बढ़ोत्तरी की गई है। पिछले माह ही घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि की गई थी। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने रसोई गैस के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए थे। दिल्ली और मुंबई में नॉन-सब्सिडी वाले 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 899.50 रुपए है। इस बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के भी दाम में 35-35 पैसे की बढ़ोतरी की है।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 109.69 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 98.42 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 115.50 और डीजल की कीमत 106.62 रुपए हैं। मप्र की राजधानी भोपाल में पेट्रोल 118.46 रुपए प्रति लीटर और डीजल 107.90 रुपए प्रति लीटर हो गया है।