दीपावली के बाद से ही दिल्ली पूरी दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना हुआ है। पर्यावरण पर काम करने वाले एक समूह ने दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 556 बताया है। हालात यह हैं कि कुछ जगहों पर लोगों को वाहन चलाने के लिए दिन में भी गाड़ी की हेडलाइट चालू रखना पड़ रही है। स्विट्जरलैंड के पर्यावरण पर काम करने वाले समूह आईक्यू एयर के अनुसार दिल्ली के अलावा भारत के मुंबई और कोलकाता भी देश के 10 सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में शामिल हैं।
इसके अलावा पड़ोसी देश पाकिस्तान का बड़ा शहर लाहौर और चीन का चेंदगू शहर भी सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में शामिल हो चुके हैं। दुनिया के इन 10 सबसे ज्यादा प्रदूषित शहरों में एशिया के 5 शहर शामिल हैं, जिनमें भारत के 3, चीन का 1 और पाकिस्तान का एक शहर शामिल है।
कौन है आईक्यू एयर समूह
आईक्यू एयर पर्यावरण पर कार्यरत एक समूह है, जो संयुक्त राष्ट्र के पर्यावरण कार्यक्रम में टेक्नोलॉजी पार्टनर है। इस ग्रुप का मुख्य काम पूरी दुनिया के प्रमुख शहरों में हवा की गुणवत्ता और प्रदूषण पर नजर रखना है।
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने का क्या है प्रमुख कारण
हर साल सर्दी में दिल्ली में प्रदूषण की मात्रा अचानक गंभीर रूप से बढ़ जाती है। इस साल भी दीपावली के बाद से ही दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। वहीं दिल्ली की सड़कों पर दौड़ रहे वाहन भी प्रदूषण बढ़ाने का बड़ा कारण हैं। वहीं हर साल सर्दी में हरियाण और पंजाब के किसानों द्वारा जलाई जाने वाली पराली भी प्रदूषण की मात्रा को बड़ा देती है।
प्रदूषण बोर्ड की चेतावनी स्थिति को नियंत्रित करे दिल्ली सरकार
राजधानी में लगातार बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दिल्ली में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दिल्ली में हवा का एक्यूआई इंडेक्स 476 है, जाे कि गंभीर श्रेणी में आता है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शुक्रवार को चेतावनी जारी की थी कि अगले 48 घंटों के लिए दिल्ली में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब बनी हुई है। इसी स्थिति से निपटने और लोगों को सुरक्षित करने के लिए सभी स्कूलों को बंद करना, निजी कारों पर ‘ऑड-ईवन’ प्रतिबंध लगाना और सभी तरह के कंस्ट्रक्शन को रोकना लगा देना चाहिए।
दुनिया के 10 सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर
शहर (देश का नाम) एक्यूआई लेवल
दिल्ली (भारत) 556
लाहौर (पाकिस्तान) 354
सोफिया (बुल्गारिया) 178
कोलकाता (भारत) 177
जगरेब (क्रोएशिया) 173
मुंबई (भारत) 169
बेलग्रेड (सर्बिया) 165
चेंगदू (चीन) 165
स्कोपजे (नॉर्थ मैसेडोनिया) 164
क्राको (पौलेंड) 160