हरिद्वार। गृहमंत्री अमित शाह अपनी व्यस्ततम उत्तराखण्ड यात्रा में आध्यात्मिक प्रवास के लिए शनिवार सायंकाल श्री हरिहर आश्रम, कनखल, हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि से आध्यात्मिक भेंट वार्ता की।
स्वामी अवधेशानंद गिरि और देश के अन्य शीर्षस्थ संतों के साथ अमित शाह की इस आध्यात्मिक परिचर्चा में प्रमुख रूप से राष्ट्र और समाज में आध्यात्मिक मूल्यों के विकास, राष्ट्र जागरण एवं लोक-कल्याण के विषय शामिल थे।
इसके बाद स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज के सान्निध्य में गृहमंत्री अमित शाह ने भारत के सर्वविध अभ्युदय एवं विश्व-कल्याण के लिए भगवान महामृत्युंजय, पारदेश्वर महादेव का अर्चन, पूजन – अभिषेक तथा सिद्धि प्रदाता ‘रुद्राक्ष वृक्ष’ का दर्शन पूजन किया।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, योगगुरु स्वामी रामदेव, गीता ज्ञान संस्थानम्, कुरुक्षेत्र के प्रमुख गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द, हिन्दू धर्म आचार्य सभा के संयोजक स्वामी परमात्मानन्द सरस्वती (राजकोट) , स्वामी निर्मलानंदनाथ महाराज, प्रमुख-आदि चुन चुन गिरि मठ (कर्नाटक), आचार्य कृष्णमणि जी महाराज, प्रमुख- कृष्ण प्रणामी संप्रदाय (गुजरात- राजस्थान ), महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद सरस्वती, मुंबई( सुरत गिरि बंगला, हरिद्वार), राज्यसभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी एवं उत्तराखंड पुलिस के डीजीपी अशोक कुमार सहित अनेक गणमान्य विभूतियों की भी इस पूजा-अर्चना में मौजूदगी रही।