नई दिल्ली। दक्षिण भारत के राज्यों में बेमौसम हुई तेज बारिश ने कहर बरपा रखा हैं। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश, में सक्रिय उत्तरी-पूर्वी मानसून ने कई जिलों में भारी बाढ़ की स्थित बना दी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक इन राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। 24 और 25 नवंबर को कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी वर्षा होने की आशंका है। आंध्र प्रदेश में तो बारिश से 30 साल बाद इतने बद्तर स्थिति बनी है।

आंध्र में 33 लोगों की जान जा चुकी है
आंध्र में अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। पेन्ना नदी में बाढ़ से नेशनल हाईवे-16 का एक हिस्सा टूट गया है और इससे यातायात बंद हो गया है। यह हाईवे चेन्नई को कोलकाता से जोड़ता है। रेल मार्ग के प्रभावित होने से 100 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। चित्तूर, कडपा, नेल्लोर और अनंतपुर जिलों के 1366 गांव बाढ़ में घिर गए हैं। 23 डूब गए हैं। 36,279 लोग प्रभावित हुए हैं।

कर्नाटक के कई इलाकों में भरा पानी
कर्नाटक में बेंगलुरू के उत्तरी इलाके में जमकर बारिश हुई। इससे कई इलाकों में पानी भर गया। बेंगलुरु के उपनगर येलहंका में 24 घंटे के अंदर 134 मिलीमीटर बारिश हुई है। इससे  3.43 लाख हेक्टेयर फसल बारिश से प्रभावित हुई हैं। 1.5 लाख किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।

चेन्नई के उपनगर मनाली के कई हिस्सों में भी बाढ़ जैसी स्थिति है। सलेम के मेत्तुर बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। विल्लुपुरम में थेनपेन्नाई नदी और कांचीपुरम में पलार में पानी उफान पर हैं।