– भारत के लिए ललित उपाध्याय और हरमनप्रीत सिंह ने किया एक-एक गोल
ढाका। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने मंगलवार को यहां शुरू हुई एशियन हॉकी चैंपियनशिप में अपने अभियान की शुरुआत ड्रॉ मैच से की। भारत का पहला मैच दक्षिण कोरिया से था। यह मैच 2-2 की बराबरी पर छूटा। भारत का दूसरा मैच बुधवार को बांग्लादेश से अपराह्न 3ः00 बजे से होगा।

भारत ने ले ली थी शुरुआत में बढ़त
मंगलवार को खेले गए मैच में भारत ने मैच के शुरुआत में दक्षिण कोरिया के ऊपर दबाव बनाकर खेला। ललित उपाध्याय ने मैच के चौथे मिनट में ही गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद मैच के 18वें मिनट में उपकप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दागा और स्कोर 2-0 कर दिया। भारतीय टीम शानदार खेल दिखा रही थी। पहला हाफ समाप्त होने तक भारत 2-0 से आगे रहा। वहीं दूसरे हाफ में दक्षिण कोरिया की टीम आक्रामक हुई। 41वें मिनट में जोंगयुन जांग ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके पांच मिनट बाद ही 46वें मिनट में संगयुन किम ने गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद मैच के अंत तक दोनों ही टीमें गोल करने के लिए संघर्ष करती रहीं। लेकिन गोल नहीं कर पाईं और मैच ड्रॉ हो गया। कोरिया के गोलकीपर जेहियोन किम प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।