जूनियर हॉकी विश्वकप में कनाडा पर दर्ज की 13-1 से एकतरफा जीत
भारत की ओर से संजय, अराइजीत सिंह हुंडल ने किए तीन-तीन गोल
भुवनेश्वर। जूनियर हॉकी विश्वकप में गुरुवार को खेले गए मैच में भारत ने कनाडा की टीम को 13-1 से पराजित किया। भारत की एकतरफा जीत में उपकप्तान संजय और अराइजीत सिंह हुंडल ने तीन-तीन गोल किए। शारदानंद तिवारी और उत्तम सिंह ने दो-दो गोल दागे। इसके अलावा कप्तान विवेक सागर प्रसाद, महिंदर सिंह और अभिषेक लाकड़ा ने एक-एक गोल किया। वहीं विपक्षी कनाडा की ओर से एकमात्र गोल क्रिस्टोफर टारडिफ ने किया।
पहले मैच में बुधवार को फ्रांस से मिली 5-4 की हार के बाद गत चैंपियन भारत को यह मैच जीतना जरूरी था। इसलिए भारतीय टीम ने शुरूआत से लेकर अंत तक कनाडा की टीम पर हावी होकर खेला। मैच के छठवें मिनट में ही उत्तम सिंह ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके दो मिनट बाद ही कप्तान विवेक सागर प्रसाद ने गेंद को गोलपोस्ट में डाला। पहले क्वार्टर की समाप्ति पर भारत का स्कोर 2-0 रहा।
#RisingStars #RisingStars @FieldHockeyCan v @TheHockeyIndia Details https://t.co/hHsBuw5S77 pic.twitter.com/lcRlqXKV2n
— International Hockey Federation (@FIH_Hockey) November 25, 2021
मैच के 17वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को संजय ने गोल में तब्दील कर स्कोर 3-0 कर दिया। 27वें मिनट में महिंदर सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त को 4-0 कर दिया। इसके बाद कनाडा को मिले पेनल्टी कॉर्नर पर क्रिस्टोफर टारडिफ ने गोल कर बढ़त कम की। दूसरे क्वार्टर की समाप्ति पर स्कोर 4-1 रहा।
इसके बाद तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारत टीम ने जबरदस्त खेल दिखाया और नियमित अंतराल पर गोल दागे। 32वें मिनट में संजय ने पेनल्टी कॉर्नर पर, 35वें मिनट में शारदानंद तिवारी ने पेनल्टी कॉर्नर पर और 40वें मिनट में अराइजीत सिंह हुंडल ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 7-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति पर भारतीय टीम 7-1 से आगे रही।
अंतिम क्वार्टर में हुए 6 गोल
मैच के अंतिम 15 मिनट (चौथा क्वार्टर) में भारतीय टीम ने जोरदार खेल दिखाया। भारतीय टीम ने इस दौरान छह गोल दागे। 47वें मिनट में उत्तम सिंह ने फील्ड गोल, 50वें और 51वें मिनट में अराइजीत सिंह हुंडल ने दो फील्ड गोल दागे। 53वें मिनट में शारदानंद तिवारी, 55वें मिनट में अभिषेक लाकड़ा और 59वें मिनट में संजय ने गोल किए। अंतिम तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिये हुए। कलिंगा स्टेडिय में खेले गए इस मैच में पूरे समय कनाडा की टीम गोल करने के लिए तरसती रही। एकमात्र गोल 30वें मिनट में क्रिस्टोफर टारडिफ ने किया।
मैच में सात गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर हुए
भारत और कनाडा के बीच खेले गए मैच के दौरान सात गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर हुए। भारत की ओर से छह और कनाडा की ओर से एक गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर हुआ। वहीं भारतीय टीम ने छह फील्ड गोल किए और एक गोल पेनल्ट स्ट्रोक पर हुआ।
Yes we won …..
But can anybody feel what this Canadian GK is going through ??
Yes I can 😔…It’s tough.
Goalkeeping is a different game playing on a hockey filed #jrworldcup2021 #RisingStars pic.twitter.com/ob56pkg2zr
— sreejesh p r (@16Sreejesh) November 25, 2021
भारत का अगला मैच पोलैंड से शनिवार को
भारत का अगला मुकाबला शनिवार को पोलैंड के साथ होगा। यह मैच भी काफी अहम होगा, क्योंकि पूल बी में गत चैंपियन भारत अपना एक मैच गंवा चुका है। इसलिए नॉकआउट राउंड में पहुंचने के लिए यह मैच भी जीतना आवश्यक है।
अर्जेंटीना, नीदरलैंड, स्पेन और फ्रांस जीते
वहीं, गुरुवार को खेले गए अन्य मैचों में अर्जेंटीना ने मिस्र को 14-0 से, नीदरलैंड ने कोरिया को 12-5 से, स्पेन ने अमेरिका को 17-0 से, फ्रांस ने पोलैंड को 7-1 से हराया। भारत के पूल बी से फ्रांस की टीम लगातार दो मैच जीत चुकी है।