नई दिल्ली। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता एथलीट नीरज चोपड़ा को सेना के परम विशिष्ट सेवा मेडल के लिए चुना गया है। इसके साथ ही उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं पैरालंपिक खेलों में दो स्वर्ण पदक सहित तीन पदक जीतने वाले देवेंद्र झाझरिया को पद्म भूषण के लिए चुना गया है। सरकार ने मंगलवार को वीरता पुरस्कार और पद्म पुरस्कारों की घोषणा की। घोषणा के अनुसार 384 लोगों को वीरता पुरस्कार मिलेगा। इनमें ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी और सेना में सूबेदार नीरज चोपड़ा को परम विशिष्ट सेवा मेडल के लिए चुना गया है। वहीं 8 खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार मिलेंगे।

पद्म भूषण के लिए चुने गए देवेंद्र झाझरिया जीत चुके हैं पैरालंपिक में दो स्वर्ण पदक

देवेंद्र झाझरिया।

पद्म भूषण पुरस्कार के लिए चुने गए चालीस वर्षीय देवेंद्र झाझरिया ने एथेंस पैरालंपिक 2004 और रियो पैरालंपिक 2016 में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि पिछले साल टोक्यो पैरालंपिक में उन्होंने रजत पदक हासिल किया था।

वंदना कटारिया, प्रमोद भगत, अवनी लेखरा सहित इनको भी मिलेगा पद्मश्री

पद्मश्री पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में 20 साल की पैरा निशानेबाज अवनी लेखरा, पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत और पैरा भाला फेंक एथलीट सुमित अंतिल भी शामिल हैं। मार्शल आर्ट के एक स्वरूप कलारीपयट्टू की कला में माहिर 93 वर्षीय शंकरनारायण मेनन चुंडाइल, पूर्व अंतरराष्ट्रीय मार्शल आर्ट चैंपियन फैजल अली दार, भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान 67 वर्षीय ब्रहमानंद संकवालकर और महिला हॉकी खिलाड़ी 29 वर्षीय वंदना कटारिया को भी पदमश्री सम्मान के लिए चुना गया है। वंदना कटारिया को ओपन श्री के लिए चुने जाने पर हॉकी इंडिया ने खुशी जताई है। कहीं प्रमोद भगत ने भी पद्मश्री के लिए चुने जाने पर खुशी जाहिर की है।

जर्मनी में ट्रेनिंग ले रहे नीरज चोपड़ा ने वीडियो संदेश भेजकर जताई खुशी

एथलेटिक्स का एकमात्र स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने परम विशिष्ट सेवा मेडल और पद्मश्री के लिए चुने जाने पर सरकार का आभार जताया है। इसके साथ ही उन्होंने शुभचिंतकों का भी धन्यवाद दिया है। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा कि आगे भी देश को गौरवान्वित करने के लिए और अधिक मेहनत करूंगा।