नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व वर्तमान में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से कर दी। रक्षा मंत्री ने पीएम की तारीफ करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के बाद मोदी ही एकमात्र ऐसे जननायक हैं, जिन्हे भारतीय समाज और इसके मनोविज्ञान की गहरी समझ है। राजनाथ सिंह शुक्रवार को थिंक टैंक रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।            
पीएम मोदी को बताया 24 कैरेट का खरा सोना  
रक्षा मंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे 24 कैरेट का खरा सोना हैं। कार्यक्रम का विषय प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा दो दशक तक सरकार के मुखिया के रूप में किए गए कामकाजों की समीक्षा था। इसी कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में भारत के समाज और इसके मनोविज्ञान की जितनी समझ प्रधानमंत्री मोदी में है, वो अतुलनीय हैं। महात्मा गांधी के बाद मोदी ही एक ऐसे नेता हैं जिन्हे भारतीय समाज और इसके मनोविज्ञान पर गहरी पकड़ है, जो ठोस और व्यापक निजी अनुभव पर आधारित है।          

मोदी की राजनीतिक यात्रा पर हो केस स्टडी
इस दौरान राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री मोदी को एक व्यक्ति के बजाय एक विचार और दर्शन के तौर पर माना जाना चाहिए। क्योंकि हर सदी में कुछ लोग अपने दृढ़ संकल्प और दृढ़ विचारों के साथ समाज को बदलने की प्राकृतिक ऊर्जा के साथ पैदा होते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार के मुखिया के रूप में पिछले दो दशकों में मोदी की राजनीतिक यात्रा पर प्रबंधन स्कूलों में उनके “प्रभावी नेतृत्व और कुशल शासन” को लेकर केस स्टडी होनी चाहिए।       

20 साल में भ्रष्टाचार का एक भी दाग नहीं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसके अलावा कहा कि एक सच्चे नेता की पहचान उसके इरादे और ईमानदारी से होती है और दोनों ही मामलों में मोदी 24 कैरेट खरे सोने हैं। 20 साल तक सरकार का मुखिया रहने के बाद भी उन पर भ्रष्टाचार का एक दाग नहीं लगा। साथ ही राजनाथ सिंह ने कहा कि पीएम मोदी ने भारतीय राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को दूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि नेताओं की कथनी और करनी के बीच की खाई ने लोगों का विश्वास खो दिया। लेकिन पीएम मोदी ने विश्वसनीयता के इस संकट को एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया और उसे पूरा किया। एक भी ऐसी चीज नहीं है जिसका वादा उन्होंने किया हो और उसको पूरा नहीं किया।