पटना। लोकआस्था के महापर्व छठ का पहला अर्घ्य बुधवार शाम को दिया गया। बिहार, यूपी, दिल्ली, एमपी, छत्तीसगढ़, झारखंड, गुजरात, वेस्ट बंगाल समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ये महापर्व हर्षोल्लास के साथ मन रहा है। नहाय खाय से छठ व्रत की शुरूआत हुई और तीसरे दिन अस्ताचल सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया।
बिहार की राजधानी पटना के विभिन्न गंगा घाटों, तालाबों, जलशयों पर लाखों छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। इस क्रम में कई व्रतियों ने अपने घरों तथा अपार्टमेंट की छतों पर भी व्यवस्था कर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मुख्यमंत्री आवास में भी अपने परिजनों के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।
छठ पर्व के तीसरे दिन बुधवार की शाम लाखों व्रती गंगा के छठ घाट पहुंचे। आम से लेकर खास लोग भक्ति में डूब गए। छठ को लेकर पूरा बिहार भक्तिमय हो गया है। गंगा घाट से लेकर विभिन्न नदियों के तटों, तालाब और जलाशयों पर भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा।
मुहल्लों से लेकर गंगा तटों तक यानी पूरे इलाके में छठ पूजा के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। राजधानी पटना की सभी सड़कें पूरी तरह सजी हैं। छठ पर्व को लेकर गंगा घाटों में सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है। राजधानी की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक की सफाई की गई।