Makar Sankranti 2023
Makar Sankranti 2023

Makar Sankranti: सूर्य उत्तरायण होने के पर्व मकर संक्रांति पर्व की तैयारियां शुरू हो गई है। राजधानी में दुकानों पर पंतगों के साथ ही तिल की सामग्रियों की बिक्री बढ़ गई। मकर संक्राति पर्व मनाने के लिए मंदिरों में भी आयोजन किए जाएंगे। बड़वाले महादेव, मुक्तेश्वर महाकाल बाबा, गुफा मंदिर सहित अन्य मंदिरों को इस दिन फूलों से नहीं बल्कि पतंगों से सजाया जाएगा। इसके साथ भगवान को तिल-गुड़ का भोग लगाकर तिल के लड्डू और खिचड़ी की प्रसादी श्रद्धालुओं को बांटी जाएंगी।

मकर संक्रांति का शुभ मुहूर्त-

पंडित जगदीश शर्मा ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार 14 जनवरी को रात 8 बजकर 14 मिनट पर सूर्य मकर राशि में गोचर करेंगे और इस गोचर के बाद ही मकर संक्रांति का त्योहार मनाया जाता है। ज्योतिष के अनुसार मकर संक्रांति के शुभ मुहूर्त दिन पवित्र नदियों में स्नान करने की परंपरा है और स्नान के बाद सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस दिन शुभ मुहूर्त सुबह 7 बजकर 15 मिनट से शुरू होकर शाम के 5 बजकर 46 मिनट तक रहेगा। मकर संक्रांति के दिन पुण्य काल मुहूर्त सुबह 7 बजकर 15 से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा।

इस मुहूर्त दान-पुण्य करना बेहद ही शुभ माना जाता है। मकर संक्राति पर्व मनाने के लिए बाजारों में गुड़ और तिल से बनने वाली सामग्रियों की दुकानें सज गई। इस दिन मंदिरों में विशेष आयोजन कराने के लिए आयोजन समितियां तैयारियां कर रही है।

Makar Sankranti 2023 : जानिए कब है मकर संक्रांति, स्नान-दान और पूजा की विधि

जगह-जगह होंगी पतंग प्रतियोगितायें-

कोलार, बैरागढ़, भेल सहित अनेक स्थानों पर पतंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। आयोजन समितियों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है। बताया जाता है कि भोपाल के आसमान पर 15 सौ कीमत तक की पतंगे छाएंगी। वहीं कार्टून धारावाहिक पात्रों वाली पतंगे बच्चों को खासतौर से लुभा रही हैं।

इसमें कागज की पतंगों के अलावा पॉलीथीन और कपड़े तक की पतंग बिक रही हैं। इनकी कीमत 500 रुपए से लेकर 1500 रुपए तक है। इसमें सामान्य पतंगों के अलावा अलग-अलग तरह की पतंगें बिक रही हैं। बाजारों में बच्चों के लिए मोटू.पतलू, डोरिमोन, ड्रैगन जैसे कई कार्टून पात्रों की पतंगे बाजार में उपलब्ध हैं।

वन्दे मातरम समिति बांटेगी नि:शुल्क पतंग-

सामाजिक संस्था वंदे मातरम समिति द्वारा विगत 9 वर्षो से संक्रांति के अवसर पर पतंग उत्सव का आयोजन अरेरा कॉलोनी स्थित विट्टन मार्केट हाट पर किया जाता है। समिति के हेमंत कपूर ने बताया कि समिति द्वारा नागरिकों को नि:शुल्क पतंग वितरित की जाती है और पतंग के शौकीन पतंग उड़ाते हैं। खिचड़ी और लड्डू का वितरण भी किया जाता है। इस वर्ष भी 14 जनवरी को प्रात: 10 बजे से 1 बजे तक आयोजन होगा।

मकर संक्रांति पर करें इन चीजों का दान-

मकर संक्रांति के दिन मुहूर्त पर अन्न, तिल, गुड़, वस्त्र, कंबल, चावल, उड़द की दाल, मुरमुरे के लड्डू आदि का दान करें। ऐसा करने से सूर्य के साथ-साथ शनिदेव भी प्रसन्न होंगे।