Entertainment News : प्रमोशन वीडियो के कारण ट्रोल हो रहे हैं अक्षय कुमार

अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस कंपनी का कर रहे थे प्रचार

Entertainment News
Entertainment News

मुंबई । बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आगामी फिल्म सेल्फी को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का गाना मैं खिलाड़ी-तू अनाड़ी पर वे अन्य स्टार्स के साथ डांस कर रहे हैं और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि फिल्म के साथ ही अब अक्षय कुमार और एक खबर के लिए चर्चा में आ गए हैं। दरअसल अपने उत्तरी अमेरिका दौरे से पहले एक प्रमोशनल वीडियो को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं। इसमें उन्हें भारत के नक्शे पर चलते हुए दिखाया गया है।

विज्ञापन की क्लिप की थी पोस्ट

एक्टर ने हाल ही में एक विज्ञापन की क्लिप ट्विटर पर पोस्ट की, जिसमें वह ग्लोब पर चल रहे हैं। नेटिजन्स ने यह नोटिस किया कि एक्टर क्लिप में भारत के नक्शे पर पैर रखे हुए हैं। और देश के प्रति कोई सम्मान नहीं दिखा रहे। इसी पर लोगों ने उन्हें दौड़ा लिया। तुरंत इसे भारत के नक्शे का अनादर करार दिया।

अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस कंपनी का कर रहे थे प्रचार

अक्षय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जो क्लिप पोस्ट की, उसमें उन्हें एक अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस कंपनी का प्रचार करते देखा गया। इसने मार्च में शुरू होने वाले अपने वैश्विक दौरे की घोषणा की थी। क्लिप में अक्षय मुस्कुराते हुए और ग्लोब के डिजिटल रूप से बनाए गए संस्करण में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। विज्ञापन में अभिनेत्री दिशा पटानी, नोरा फतेही, मौनी रॉय और सोनम बाजवा भी नजर आ रही हैं।

अक्षय कुमार को महंगा पड़ा विज्ञापन

यह वीडियो इस साल मार्च में नॉर्थ अमेरिका टूर ऑफ द स्टार्स को प्रमोट करने के लिए बनाया गया था। वीडियो को साझा करते हुए अक्षय ने ट्वीट किया था, मनोरंजनकर्ता उत्तरी अमेरिका में 100 प्रतिशत शुद्ध देसी मनोरंजन लाने के लिए तैयार हैं। अपनी सीट बेल्ट बांध लें, हम मार्च में आ रहे हैं! अब इसी पर कुछ नेटिजन्स ने अक्षय की कनाडाई नागरिकता की ओर इशारा करते हुए उनकी वफादारी पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा- भाई थोड़ी तो इज्जत कर लिया करो हमारे भारत की।

अक्षय कुमार को लोगों ने किया ट्रोल

वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- कितना शर्मनाक और घमंडी इंसान है…भारत के नक्शे पर चल रहा है..। एक ने कहा – आप ऐसा करके क्या हासिल करना चाहते हैं? भारत का सम्मान करें। एक यूजर ने कहा- मैप पर चलने का ये आइडिया किसने दिया? लोग इन मुद्दों से कितना भी दूरी बना लें, आप फिल्म वाले ऐसी गलतियां करते रहते हैं, जो आप लोगों के गुस्से के लिए जिम्मेदार हैं। एक अन्य शख्स ने कहा- अगर किसी खान (बॉलीवुड एक्टर) ने भारत के नक्शे को अपने जूतों से रगड़ा होता तो अब तक उनका बहिष्कार कर दिया गया होता।