मुंबई । मनोरंजन की दुनिया में फिलहाल जिस बात की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है वो है शाहरूख खान की फिल्म पठान। पठान बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है। कमाई के मामले में वह कई फिल्मों का रिकॉर्ड भी तोड़ रही है। हिंदी ही नहीं बल्कि साउथ की सिनेमा के रिकॉर्ड भी पठान के निशाने पर हैं। लंबे समय से फैंस शाहरुख की इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे।
हिंदी भाषा में कमाई करने वाली दूसरी सबसे बड़ी फिल्म
यही वजह है कि पठान दर्जनों रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है। 25 जनवरी को रिलीज हुई यह फिल्म यश की केजीएफ 2 को पछाड़ कर हिंदी भाषा में कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन गई है। वहीं, अब माना जा रहा है कि यह फिल्म बाहुबली 2 का रिकॉर्ड जल्द ही तोड़ देगी। पठान के इस रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बीच आज हम आपको उन पैन इंडिया फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं जो शाहरुख की इस फिल्म को पीछे छोड़ने का दम रखती हैं।
जवान शाहरूख तोड़ सकते हैं पठान का रिकॉर्ड
इस लिस्ट में जवान का नंबर सबसे पहले आता है। पठान के रिकॉर्ड को सबसे बड़ा खतरा खुद शाहरुख खान से है। जवान में किंग खान के साथ साउथ सुपरस्टार विजय सेतुपति और नयनतारा भी हैं। वहीं, इसका निर्देशन एटली जैसे डायरेक्टर कर रहे हैं। माना जा रहा है कि हिंदी पट्टी के साथ साउथ में भी यह फिल्म जबर्दस्त प्रदर्शन करेगी। फिल्म को 2 जून को रिलीज करने की तैयारी चल रही है।
टाइगर दे सकता है पठान को पटकनी
सलमान खान की टाइगर 3 का लोगों को लंबे समय से इंतजार है। माना जा रहा है कि यह फिल्म रिलीज के बाद से कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है। सलमान की जबर्दस्त फैन फॉलोइंग और दिवाली के मौके पर फिल्म की रिलीज डेट होने की वजह से यह पठान के रिकॉर्ड को तोड़ सकती है। बता दें कि पठान से पहले टाइगर जिंदा है यशराज फिल्म की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली स्पाई थ्रिलर थी।
पठान के सामने पुष्पा भी लगा सकता है फायर
अल्लू अर्जुन की फिल्म पुष्पा को साउथ के साथ हिंदी पट्टी में काफी ज्यादा सराहा गया था। इस फिल्म के बाद अल्लू अर्जुन पैन इंडिया स्टार के रूप में उभर कर सामने आए थे। अब फैंस को सुकुमार के निर्देशन में बनी इस फिल्म के दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार है। माना जा रहा है कि मास एंटरटेनर यह फिल्म पठान को कड़ी टक्कर दे सकती है।
डंकी से हो सकता है पठान को खतरा
इस लिस्ट में शाहरुख की एक और फिल्म है जो बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ने का दम रखती है। फिल्म डंकी का निर्देशन राजकुमार हिरानी कर रहे हैं। इससे पहले हिरानी पीके और 3 इडियट्स से बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ चुके हैं। शाहरुख और हिरानी की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।