बॉलीवुड डीवा शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा (Raj Kundra) कुछ दिनों पहले ही पोर्नोग्राफी केस में जमानत पर रिहा हुए हैं। बिजनेसमैन राज कुंद्रा का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब जमानत पर रिहा होने के कुछ दिनों बाद ही फिल्म स्टार शिल्पा शेट्टी औऱ उनके पति राज कुंद्रा ने एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करवाया है। इतना ही नहीं, शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने एक्ट्रेस को नोटिस जारी कर एक हफ्ते के अंदर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की हिदायत भी दी है। जारी किए गए नोटिस में कहा गया है कि शर्लिन चोपड़ा एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से माफी नहीं मांगती हैं तो उन पर 50 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा ठोंका जाएगा।

शिकायत में कहा गया है,’शर्लिन चोपड़ा की ओर से राज कुंद्रा और उनकी पत्नी शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे, मनगढ़ंत, नकली, तुच्छ, और निराधार हैं। शर्लिन चोपड़ा को पता है कि वो झूठी हैं। साथ ही उनके जरिए लगाए गए सभी आरोप दंपति को बदनाम करने के उद्देश्य से हैं और ये सिर्फ पैसा वसूलने की साजिश है।’

इतना ही नहीं, बयान में दावा किया गया है कि अदाकारा शिल्पा शेट्टी का जेएल स्ट्रीम ऐप के साथ कोई लेना देना नहीं हैं। बयान के मुताबिक, ‘यह विवाद जानबूझ कर पैदा किया गया है। जिसका मकसद शर्लिन चोपड़ा की ओर से मीडिया में शिल्पा शेट्टी का नाम खींच कर ध्यान आकर्षित करना था। ये आरोप कुछ नहीं बल्कि सिर्फ एक विचार है। जिसमें शर्लिन चोपड़ा को सीआर नंबर 02 में एक आरोपी के रूप में पेश किया गया है। /2020, नोडल साइबर पुलिस स्टेशन”।

इसके आगे बयान में कहा गया है, ‘शर्लिन चोपड़ा ने भारतीय दंड संहिता, 1860 की धारा 499, 550, 389 और 195 (ए) के तहत अपराध किए हैं। हमें भारतीय न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, और हम मानहानि मामले के शुरुआत करेंगे। हमने शर्लिन चोपड़ा के खिलाफ 50 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा पेश किया है।’