हैदराबाद। बुधवार को एक बस आंध्रप्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में जलेरू वागु नहर में गिर गई जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और 22 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्टेट रोड ट्रांस्टपोर्ट कॉर्पोरेशन की बस में दुर्घटना के समय बस में 47 यात्री सवार थे। मरने वालों में 5 महिलाएं शामिल हैं। हादसा जंगारेड्डीगुडेम मंडल के जिलेरुवागु में हुआ। बस अश्वरावपेट मंडल से जंगारेड्डीगुडेम मंडल की तरफ जा रही थी।
जानकारी के अनुसार दूसरी तरफ से आ रही लॉरी से बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद राहत व बचाव का काम जारी है। बस के नहर में गिरने की वजह से बचाव कार्य में काफी मुश्किल पेश आ रही है। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य चलाया है।
बस दुर्घटना में बस ड्राइवर की भी मौत
जंगारेड्डीगुडेम के राजस्व मंडल अधिकारी वाई वी प्रसन्ना लक्ष्मी ने हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने राजस्व कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद ने अब तक 9 शव बाहर निकाले हैं, जिनमें ड्राइवर की लाश भी शामिल है।
मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता की घोषणा
प्रदेश के परिवहन मंत्री पर्नी वेंकटरमैया ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कलेक्टर को इसकी उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। आंध्रप्रदेश की मुख्यमंत्री वाई एस जगन मेाहन रेड्डी ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी आपनी ओर से संवेदन व्यक्त की है।