मथुरा । उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दिल दहला देने वाले हादसे की खबर है। हालांकि हादसा कहां और कैसे हुआ इस सबंध में अब तक कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है। खबर के अनुसार यहां एक कार किसी अज्ञात शख्स के शव को तकरीबन 12 किमी तक घसीटते चली गई और गाड़ी चलाने वाले को इसका पता भी नहीं चला। मांट टोल प्लाजा पर जब गाड़ी रुकी तब उसके नीचे फंसे शव का पता चल पाया। तब तक शव में सिर्फ सिर बचा था, जो गाड़ी के पिछले हिस्से में फंसा हुआ था।
टोल प्लाजा पर पहुंची गाड़ी तो पता चला
जानकारी के मुताबिक, मथुरा के मांट टोल प्लाजा पर आगरा से दिल्ली जा रही एक कार सुबह के तीन बजे पहुंची, तो वहां मौजूद लोगों ने गाड़ी के पिछले हिस्से में एक शव फंसा देखा। शव में केवल सिर बचा था और बाकी का शरीर लोथड़ा बन गया था। चालक को इस बारे में कोई जानकारी भी नहीं थी। कार टोल पर रुकी तो प्लाजा के कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने कार चालक को इस बारे में जानकारी दी।
मृतक की नहीं हुई शिनाख्त
जिस व्यक्ति का शव था, उसके जूते यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 106 पर मिला। ऐसे में माना जा रहा है कि शख्स की मौत वहीं पर हुई होगी। यहीं पर शव कार में फंसा होगा। चालक को इसकी जानकारी माइलस्टोन संख्या 94 के पास स्थित टोल प्लाजा पर हुई है। ऐसे में शव के तकरीबन 12 किमी तक घसीटते चले आने की संभावना है। यहां तक पहुंचते-पहुंचते शव में सिर्फ सिर बच पाया। बाकी का पूरा शरीर लोथड़ा बन गया था। युवक की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। मामले में पुलिस ने दिल्ली स्थित संगम विहार के रहने वाले वीरेंद्र को हिरासत में लिया है।