जगदलपुर। सिर्फ एक गाने से मशहूर हो गए बालक सहदेव दिरदो का मंगलवार रात बाइक से एक्सीडेंट हो गया जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी है और उनका इलाज जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। एक्सीडेंट के बाद सहदेव को गंभीर हालत में यहां भर्ती कराया गया था।
बताया जा रहा है कि उसे सिर में गंभीर चोट आई है जिसमें उन्हें 8 टांके भी लगाए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार खून का थक्का जमा हो गया है जिसे निकालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि डाक्टरों के अनुसार सहदेव अभी होश में हैं और परिजनों से थोड़ी बहुत बात भी कर रहे हैं।
मंगलवार रात को हुआ था हादसा
मंगलवार की शाम सहदेव अपने परिजनों के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इस बीच शबरी नगर के पास अचानक बाइक का एक्सीडेंट हो गया। बाइक पर पीछे बैठने की वजह से हादसे में सहदेव को गंभीर चोटें आईं। वहां मौजूद लोग उन्हें लेकर फौरन सुकमा जिला अस्पताल गए। सुकमा कलेक्टर और एसपी भी फौरन अस्पताल पहुंच गए और बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर करवाया।
बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे..
‘बसपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे..’ से मिली थी सहदेव दिरदो को फिल्म इंडस्ट्री में पहचान। इस गाने में उनके द्वारा बचपन को बसपन कहने के कारण ही यह गाना अधिक पसंद किया गया था। सोशल मीडिया पर भी यह गाना काफी वायरल हुआ था। उनका यह मासूम अंदाज लोगों को बेहद भाया था। कई नामी हस्तियों ने सहदेव के वीडियो को शेयर किया था। बॉलीवुड सिंगर बादशाह ने तो सहदेव के साथ इस गाने का रीमिक्स तक तैयार किया था।
बादशाह ने फोन पर जाना सहदेव का हाल
सहदेव को फिल्म इंडस्ट्री में पहचान दिलाने वाले मशहूर रैपर बादशाह फोन पर लगातार सहदेव का हेल्थ अपडेट ले रहे हैं। एक्सीडेंट की खबर सुन कर मंगलवार की रात से लेकर बुधवार सुबह तक कई बार बादशाह ने फोन कर सहदेव का हालचाल जाना है।