नई दिल्ली। कंगना रनोट के एक बयान पर भाजपा सांसद वरुण गांधी ने तल्ख अंदात में प्रतिक्रिया दी है। 1947 में मिली आजादी के बारे में फिल्म अभिनेत्री कंगना के बयान पर गुरुवार को वरुण गांधी बरस पड़े। वरुण गांधी ने कहा कि यह लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार है। वरुण ने कंगना रनौत की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस सोच को पागलपन कहा जाए या फिर देशद्रोह?

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कंगना रनोट के बयान की तीखी आलोचना की है। रनोट के बयान वाले वीडियो को शेयर करते हुए वरुण गांधी ने ट्वीट किया , कभी महात्मा गांधी जी के त्याग और तपस्या का अपमान, कभी उनके हत्यारे का सम्मान, और अब शहीद मंगल पाण्डेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार। इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह?

दरअसल , एक निजी चैनल के कार्यक्रम में बोलते हुए फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने 1947 में मिली आजादी की तुलना भीख से करते हुए कहा था कि 1947 में मिली आजादी , आजादी नहीं भीख थी और असली आजादी तो 2014 में मिली है।

आपको बता दें कि 2014 में ही भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई थी। हाल ही में कंगना रनौत को देश के प्रतिष्ठित अवार्ड पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।