मंबई। महाराष्ट्र के दो दिग्गज राजनैतिक परिवार जल्द ही रिश्तों के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के पोते और भाजपा नेता हर्षवर्धन पाटिल की बेटी की जल्द शादी होने जा रही है। 28 दिसंबर को मुंबई के ताज होटल में हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता पाटिल की शादी बालासाहेब ठाकरे के दिवंगत बेटे बिंदु माधव ठाकरे के बेटे निहार से हो रही है।
शिवसेना के कानूनी सलाहकार हैं निहार
पेशे से एडवोकेट निहार हालांकि सक्रिय रूप से राजनीति में नहीं हैं, लेकिन पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि शिवसेना के लीगल मामले वे ही देखते हैं। इस शादी में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे भी अपने अपने परिवार के साथ शामिल होंगे। उद्धव और राज ठाकरे दोनों ही रिश्ते में निहार के चाचा हैं।
इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन की डायरेक्टर हैं अंकिता
अंकिता के पिता हर्षवर्धन पाटिल ने राज ठाकरे के घर जाकर शादी का न्योता दिया है। बताया जाता है कि मनसे प्रमुख की दोनों परिवारों संग नजदीकियां बताई जा रही हैं। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के खतरे के बीच हो रही इस शादी में सिर्फ पारिवारिक लोग आमंत्रित हैं। पूर्व सहकारिता मंत्री हर्षवर्धन पाटिल की बेटी अंकिता पाटिल वर्तमान में पुणे जिला परिषद की सदस्य हैं और इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन की डायरेक्टर भी हैं।
भाजपा से पहले कांग्रेस में थे पाटिल
हर्षवर्धन पाटिल पहले कांग्रेस में थे। 2019 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले बीजेपी में आ गए। हर्षवर्धन पाटिल अब भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वो पुणे जिले की इंदापुर विधानसभा सीट से 4 बार विधायक रहे हैं। हर्षवर्धन पाटिल 1995 से 2014 तक महाराष्ट्र राज्य सरकार के मंत्री रहे हैं।