पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 16 साल की स्कूली छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार सुबह गन्ने के खेत में छात्रा का खून से सना, अर्धनग्न शव बरामद किया था। बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान थे।

उसके पिता एक सफाई कर्मचारी हैं। उन्होंने शव की पहचान की। मौके से बच्ची की साइकिल, स्कूल बैग, बीयर की चार बोतलें और स्नैक्स के रैपर मिले हैं। लड़की के लापता होने के बाद परिवार ने शिकायत दर्ज की थी जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ स्थानीय पुलिस स्टेशन में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

लड़की शनिवार शाम को कोचिंग सेंटर के लिए घर से निकली थी। देर रात तक जब वह नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। कोचिंग सेंटर ने उन्हें बताया कि वह शनिवार को क्लास में नहीं आई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया और कहा कि उन्हें एक लड़के पर शक है जिसे पहले लड़की का पीछा करते देखा गया था।

पुलिस लड़के को उसके घर से उठाकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि उसे लड़की के ठिकाने की जानकारी नहीं है। बाद में लड़की का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर एक गन्ने के खेत में मिला। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।