भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पुड्डुचेरी, चेन्नई और शिर्डी की यात्रा से सोमवार 2 जनवरी को भोपाल वापस लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री पुड्डुचेरी में तीन दिन सपरिवार थे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा से प्रदेश के 2023 के विकास का रास्ता निकलेगा।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने पुड्डुचेरी में तीन दिन वर्ष 2023 में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के किए जाने वाले विकास कार्यों को लेकर चिंतन किया है। रविवार को मुख्यमंत्री सपरिवार शिर्डी में साईं बाबा के दर्शन किए। सोमवार को मुख्यमंत्री भोपाल लौट रहे हैं।
भोपाल लौटते ही अगले एक वर्ष के विकास के रोडमैप पर चर्चा के लिए कैबिनेट के सभी मंत्रियों, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिवों और सचिवों के साथ बैठक करने जा रहे हैं। बैठक सोमवार को शाम चार बजे बुलाई गई है। बैठक में मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति पर चर्चा करने के साथ रोडमैप पर बात करेंगे। इसके साथ ही अगले एक वर्ष के विकास कार्यों को लेकर बनाए गए रोडमैप पर काम शुरू हो जाएगा। ज्ञात हो कि इसी वर्ष नवंबर में प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। चुनावी साल होने के कारण राज्य सरकार का विकास कार्यां पर पूरा फोकस है। बैठक में जो मंत्री शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें वर्चुअली जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्रियों-अधिकारियों के सामने विकास का रखेंगे नया माडल-
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अगले एक वर्ष के विकास का रोडमैप बना लिया है। कल बैठक में मंत्रियों और अधिकारियों के सामने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश के अगले एक वर्ष के विकास का नया माडल रखेंगे। चुनावी वर्ष में कैसे काम करना है, किन-किन क्षेत्रों में अधिक ध्यान देना है। विकास के माडल को लेकर मंत्रियों और अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी।
चिंतन से निकलता है विकास का रास्ता-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जब भी चिंतन करते हैं प्रदेश के विकास को लेकर कुछ नया माडल या रणनीति सामने रखते हैं। माना जा रहा है कि चुनावी साल में मुख्यमंत्री चौहान आध्यात्मिक व प्राकृतिक स्थान की यात्रा से लौटकर आने पर विकास का नया माडल मंत्रियों व अधिकारियों को बताएंगे। सोमवार को इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा संभव है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को शिर्डी से प्रदेशवासियों को भेजे शुभकामना संदेश में कहा है कि हम सब मिलकर नए साल में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाएंगे। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील भी की है कि वे अपने लिए कार्य करें, साथ ही प्रदेश के लिए भी पूरी क्षमता से कार्य करें, ताकि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
जनता से सीधा संपर्क बनाने पर जोर
बैठक में अगले एक वर्ष के विकास पर चर्चा और जिम्मेदारी तय करने के साथ इंदौर में आठ से 10 जनवरी तक आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन और 11 और 12 जनवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट पर चर्चा के साथ मंत्रियों को प्रभार वाले जिलों में दौरे बढ़ाने के साथ जनता से सीधे जुड़ने पर जोर दिया जा सकता है।