Ujjain News : उज्जैन में क्षिप्रा नदी किनारे 7 गायों के कटे सिर मिलने से हड़कंप मच गया है। इसकी सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। आरोपियों को अरेस्ट करने की मांग करते हुए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जाँच की जा रही है। वेटेरनरी डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे हैं। गायों के कटे सिरों के सैंपल लेकर उसी स्थान पर दफना दिया गया है।
सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चक्का जाम किया
रिपोर्ट के अनुसार, मामला उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र का है। गायों के सिर शांति पैलेस होटल के पीछे बने शिप्रा ओवर ब्रिज के नीचे बरामद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा मचाया। विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओ ने नदी के पास तलाश कर गाय के 7 कटे सिरों को बरामद किया। आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों ने उज्जैन नागदा बायपास के शिप्रा नदी ब्रिज पर गाय के अवशेष सड़क पर रखे और गो हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चक्का जाम किया। पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी है कि गाय के सिरों के पास से टोकन बरामद किए गए हैं। इन नंबरों से मालिकों का पता लगाया जा रहा है।
खाद लूट कांड : फरियादी ने लगा ली फांसी, कांग्रेस विधायक की शिकायत के बाद से थे परेशान
माहौल बिगड़ने का इल्जाम लगाया
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सूचना मिलने पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया भी मौके पहुंचे और इस किस्म की कोशिशों से माहौल बिगड़ने का इल्जाम लगाया। उनका कहना था कि कांग्रेस इस मामले को लेकर आंदोलन करेगी। वहीं, VHP के विभागीय संगठन मंत्री अर्जुन गेहलोद ने आरोप लगाए कि महाकाल की धरती पर निरंतर ऐसी घटनायें हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में तत्परता से जाँच हो रही है।