Indore News: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है। रामनवमी पर पूजा-अर्चना के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शहर के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर पर बावड़ी के ऊपर की छत धंसने से 25 से अधिक लोग बावड़ी में गिर गए। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। किसी को कुछ समझ ही नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को बाहर निकला गया।
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। मौके पर फायर बिग्रेड, एंबुलेंस और 108 गाड़ियां पहुंची हैं और गिरे लोगों को बाहर निकालने रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। घायलों में महिला-पुरुष और युवा शामिल बताए गए हैं। समाचार के लिखे जाने तक रेस्क्यू अभियान चल रहा था। हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं इसकी अधिकृत जानकारी नहीं मिल पाई है। घायलों को बावड़ी से निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घटनास्थल पर राहत और बचाव काम जारी है। मौके पर कलेक्टर इलैयाराजा टी और इंदौर संभाग कमिश्नर पवन शर्मा भी पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने ली जानकारी-
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में बेलेश्वर महादेव मंदिर स्थित बावड़ी में श्रद्धालुओं के गिरने की घटना पर संज्ञान लिया। सीएम ने इंदौर कलेक्टर, कमिश्नर से फोन पर चर्चा कर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय, इंदौर जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क में है । इंदौर पुलिस के आला अधिकारी, जिला प्रशासन के आला अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद है। तेजी से बावड़ी में फंसे श्रद्धालुओं को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।