जबलपुर। श्री बागेश्वर धाम सरकार आज शनिवार को जबलपुर पहुंचे, जबलपुर की धरती पर कदम रखते ही कहा जय नरबदा माई की। विशेष विमान से जबलपुर पहुंचे पं.धीरेन्द्र शास्त्री जी महाराज का हर्ष तिवारी, अमन तिवारी, रोहित तिवारी, सत्येंद्र पटेल सहित अन्य से स्वागत किया। इसके बाद महाराज विश्राम स्थल की ओर रवाना हुए। शाम चार बजे वे श्रीमद् भागवत कथा के लिए पूजन के बाद कथा की ज्ञान गंगा प्रवाहित करेंगे। कथा पंडाल में सुबह से ही भक्तों श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। कथा विधि-विधान से पूजन अर्चन के बाद सायं चार बजे से प्रारंभ होगी।

श्रीमद भागवत कथा करेंगे

श्री बागेश्वर धाम सरकार आज शनिवार से पनागर में श्रीमद भागवत कथा की मीमांसा करेंगे। कथा में शमिल होने पूरे देश से धर्म प्रेमियों का संस्कारधानी में आगमन हो रहा है। कथा की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। वे प्रतिदिन शाम चार से रात आठ बजे तक संगीतमय भागवत कथा की रसवर्षा करेंगे। कथा की तैयारियों के लिए कई एकड़ में पंडाल बनाया गया है। महाराजश्री यहां 27 एवं 28 मार्च को दिव्य दरबार भी लगाएंगे। जिसमें श्रद्धालुओं को भभूति दी जाएगी। आयोजन समिति ने संस्कारधानी के धर्म प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर भागवत कथा का श्रवण लाभ लेने की अपील की है।

विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई

जबलपुर में बागेश्वरधाम सरकार के महंत पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भागवत कथा के पूर्व शुक्रवार 24 मार्च को विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई। अपने आप में अद्भुत और अलौकिक इस शोभायात्रा की जोरदार तैयारियां आयोजन समति द्वारा की गई थी। शोभायात्रा शुक्रवार 24 मार्च सुबह 10 बजे हनुमान मंदिर देवरी तिराहा पनागर से प्रारंभ होकर कथा प्रांगण रिलांयस पेट्रोल पंप पनागर पहुंची।

MP मौसम : जबलपुर-शहडोल संभाग में गिरेंगे ओले, 50Km प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी

25 एकड़ में बनाया गया है पंडाल

जबलपुर में कथा की व्यवस्था से जुड़े रोहित तिवारी के मुताबिक बागेश्वर धाम के आचार्य पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के लिए कथा पंडाल 25 एकड़ में बनाया गया है। 16 एकड़ भूमि में विशाल भंडारा होगा। इसके साथ ही 30 एकड़ भूमि में अलग-अलग 25 स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बनाई जा रही है। पार्किंग से कथा स्थल तक लाने के लिए सवा सौ से ज्यादा ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक भक्त की हर सुविधा का ध्यान में रखते हुए योजना बनाई जा रही है।