Bhopal News: डी-मार्ट में नौकरी करने वाली महिला कर्मचाारी को उसके दो अधिकारी करीब 6 महीने से परेशान कर रहे थे। आते-जाते वे उसका पीछा करते थे साथ ही जब भी मौका मिलता वे उसको टच करने की कोशिश भी करते थे। महिला का आरोप यह भी है कि वे उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहे थे जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो महिला का ट्रांसफर इंदौर कर दिया गया है। अयोध्या नगर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय महिला निशातपुरा इलाके में रहती है तथा अयोध्या नगर थानाक्षेत्र स्थित डी-मार्ट में नौकरी करती है। महिला ने कल अयोध्या नगर थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत में आरोप लगाते हुए बताया कि डी-मार्ट में संदीप और भरत नाम के दो अधिकारी हैं। दोनों ने पिछले जुलाई के महीने से महिला का पीछा करना शुरू कर दिया।
ड्यूटी के दौरान दोनों किसी न किसी बहाने से महिला का छेड़खानी करते थे। महिला ने यह आरोप भी लगाया है कि दोनों अधिकारी अप्रत्यक्ष रूप से उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहे थे। महिला ने उनकी यह बात नहीं मानी तो वह उसे और भी अधिक परेशान करने लगे। दोनों को जब यह भरोसा हो गया कि महिला उनके झांसे में नहीं आएगी तो उन्होंने महिला का ट्रांसफर इंदौर करा दिया। उनके इसी बर्ताव से परेशान होकर महिला ने पुलिस को शिकायत कर दी। पुलिस ने छेड़खानी का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
भोपाल। ऐशबाग इलाके में रहने वाली महिला ने कल शाम को घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने आत्महत्या क्यों की इसका खुलासा नहीं हो सका है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। प्रधान आरक्षक माजिद खान के अनुसार 40 वर्षीय सचिना पत्नी इब्राहीम बागदिलकुशाा में रहती थीं। उनके पति निर्माणाधीन मकानों में मजदूरी करते हैं। जबकि सचिना भी घरों में काम करती थीं।
कल शाम को सचिना घर में अकेली थी, इसी बीच उसने फांसी लगा ली। शाम करीब सवा सात बजे पति ने पत्नी को देखने के बाद में फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया था। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आज पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिससे आत्महत्या का खुलासा होने की उ मीद है। हालांकि शुरुआती जांच में मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी कई बीमारियों से ग्रस्त थी।