भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का बूथ विस्तारक अभियान-2 का शुभारंभ आज १४ मार्च से होने जा रहा है। इस अभियान के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता 10 दिनों तक बूथों पर पहुंचकर संगठन द्वारा तय 22 करणीय कार्यों को पूरा कर बूथ को सशक्त बनाएंगे। राजधानी भोपाल में भी इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।

महिलाओं को जोड़ेगी भाजपा

मिशन-2023 की तैयारी में जुटी भाजपा इसके अंतर्गत पार्टी ने सवा छह लाख महिला कार्यकर्ताओं को नियुक्त करने का लक्ष्य रखा है। यह अभियान बूथ स्तर पर पार्टी का नया नेतृत्व खड़ा करेगा। प्रदेश में 65 हजार से अधिक बूथ हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश में चल रही गरीब कल्याण की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि सभी वर्गों के साथ व्यापक और सतत संपर्क करना है। फिर से बूथ विस्तारक योजना अभियान की तरह मेरा बूथ सबसे मजबूत करके का लक्ष्य पार्टी ने तय किया है।

मेरा बूथ-सबसे मजबूत अभियान जारी

दरअसल, भाजपा मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले “मेरा बूथ-सबसे मजबूत” अभियान चला रही है। पार्टी ने अब तक जो समीक्षा की है, उससे 18 हजार ऐसे बूथों का पता चला है, जहां भाजपा कमजोर है। इन बूथों को चिह्नित कर पार्टी ने अलग-अलग प्रकोष्ठ और मोर्चा को जिम्मेदारी सौंपी है। मंगलवार १४ मार्च से शुरू होने वाले बूथ सशक्तीकरण अभियान में यहां बूथ कमेटी, पन्ना प्रमुख बनाएं जाएंगे। हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को प्राप्त करने का पार्टी ने लक्ष्य तय किया है। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने हर पन्ना कमेटी में 33 प्रतिशत स्थान महिलाओं को देने का वादा किया है।

बड़ोदरा में मेट्रो ट्रेन के कोच बनना शुरू, नगरीय विकास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने किया निर्माण कार्य का शुभारंभ

भोपाल में वार्ड10 के 39 बूथ पर पहुंचेंगे सीएम

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दोपहर 2.30 बजे भोपाल उत्तर विधानसभा के वार्ड 10 के बूथ क्रमांक 39 के प्रभुनगर कमेटी हाल पहुंचेंगे। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा एवं जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी सहित जिला पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा भोपाल मध्य विधानसभा के वार्ड 51 के बूथ क्रमांक 242 सामुदायिक भवन शाहपुरा सी सेक्टर, सुबह 11.30 बजे हितग्राही संपर्क अभियान, दोपहर 1 बजे युवा सम्मेलन और दोपहर 1.30 बजे चौक मंडल वार्ड 23, बूथ क्रमांक 62 के चार बत्ती चौराहा पहुंचेंगे। इसी तरह राजधानी भोपाल के 29 मंडलों के प्रत्येक बूथों पर पार्टी के नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता बूथ विस्तारक योजना में शामिल होंगे।