भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज प्रश्नकाल के दौरान सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने कहा कि मेरी उपेक्षा हो रही है। स्कूल शिक्षा मंत्री से उन्होंने कहा कि मैं हाथ जोड़कर, गिड़गिड़ाकर अनुरोध कर रहा हूं, अधिकारियों की तानाशाही मत चलने दीजिए। शर्मा ने सिरोंज में सीएम राइज स्कूल के लिए तय की गई जमीन का मामला उठाया था। उन्होंने कहा कि जिस जगह का डीपीआर बनाया गया है, वहां बारिश में कमर तक पानी भर जाता है। उन्होंने अपने क्षेत्र में संस्कृत विद्यालय का भवन बनाने को लेकर भी सवाल पूछा।

कांग्रेस का वॉक आउट

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस का कहना है, बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ सदन में नियम विरुद्ध तरीके से निंदा प्रस्ताव लाया गया है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि शून्यकाल में कभी भी कोई संकल्प नहीं लाया जा सकता। कार्य मंत्रणा समिति में भी इसकी कोई चर्चा नहीं हुई थी। बुरहानपुर से निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने शून्यकाल में बुरहानपुर में तेजी से जंगल कटने का मामला उठाया।

गौरतलब है कि सोमवार को सदन में शून्यकाल के दौरान बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ के खिलाफ अशासकीय संकल्प (निंदा) प्रस्ताव पास हुआ।

शिवराज कैबिनेट : सीएम ने जल संसाधन विभाग के कार्यों को सराहा

उमाकांत को मिला विपक्ष का साथ

अपनी ही पार्टी के विधायक का ऐसा रुख देखकर अचरज में पड़े वरिष्ठ मंत्री गोपाल भार्गव मोर्चा संभालते हुए बोले उमाकांत परशुराम स्वरूप में हैं। सदन के अंदर उमाकांत ने सरकार की जमकर फजीहत कराई है। इस दौरान उमाकांत को विपक्ष का साथ मिला। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा सदन के अंदर सत्तापक्ष का विधायक बोल रहा है, मैं गिड़गिड़ा रहा हूं। लेकिन सरकार सुनने को तैयार नहीं है।

सीएम राइज स्कूलों के विज्ञापन को लेकर पूछा सवाल

सज्जन सिंह वर्मा ने सीएम राइज स्कूलों के विज्ञापन को लेकर सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि मेरे प्रश्न के जवाब में मंत्री ने इस बात को दर्शाया है कि विज्ञापन पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए। वाहवाही पर करोड़ों खर्च हो रहे हैं, जबिक बच्चों के लिए भवन नहीं। वर्मा ने कहा कि 3 लाख बच्चे सरकारी स्कूलों से निकल गए, आपके यहां प्राचार्य तक नहीं है। उन्होंने कहा कि इतना बता दें कि प्राचार्य के पद कब तक भर देंगे, सारे स्कूलों के भवन कब तक बन जाएंगे। इस पर शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि हम पहले टेस्टिंग कर रहे हैं, ताकि भवन की अवधि लंबी रहे। स्कूल शिक्षा विभाग के पास 274 स्कूल ही हैं, बाकी ट्राइबल विभाग के पास हैं। 104 नियमित प्राचार्य हैं। बाकी को प्रभारी प्राचार्य बनाकर संचालित कर रहे हैं। भवनों की डीपीआर का काम चल रहा है। 25-30 करोड़ की बिल्डिंग बन रही है। पहले का समय हमने देखा है 2 करोड़ देने पर सालों तक हिसाब नहीं मिलता था। जहां प्रभारी प्राचार्य हैं, वहां भी हम प्रक्रिया पूरी कर स्थाई प्राचार्य की नियुक्ति करेंगे। इस साल के अंत तक 49 हजार शिक्षकों की भर्ती करेंगे।

नरोत्तम बीच में बोले कि सज्जन वर्मा जिस कैबिनेट में मंत्री थे, उसने 500 रु. में शिक्षकों की भर्ती की थी। पेड़ के नीचे स्कूल लगते थे। इस पर सज्जन वर्मा ने कहा कि जब लिस्ट आई थी, तब सोनकच्छ में स्कूल का नाम था। बाद में लगा कि कांग्रेस का विधायक है तो नाम हटा दिया। वर्मा ने आगे कहा कि बच्चों ने भूख हड़ताल की थी। सोनकच्छ के बच्चों पर न मामा को तरस आया, न मंत्री को। इस पर शिक्षा मंत्री बोले कि भाजपा की सरकार ने कोई भेदभाव नहीं किया। नीतिगत रूप से स्कूल खोले जा रहे हैं। नरोत्तम बोले कि 78 कांग्रेस विधायकों के क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल खुले।

कमलनाथ बोले, 7 महीने बाकी हैं, सबका समाधान करेंगे…

नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि मंत्री ने मुझे भरोसा दिया था कि मेरे क्षेत्र में सीएम राइज स्कूल खोलेंगे। लेकिन, आज तक स्कूल नहीं खुला। इस पर कमलनाथ ने कहा कि अब 7 महीने बचे हैं। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, स्कूलों में शिक्षक नहीं, खम्भों में बिजली नहीं। मेरे साथी चिंतित न हों, हम 7 महीने बाद सबका समाधान करेंगे। कमलनाथ की बात पर नरोत्तम बोले कि इन्होंने दिग्विजय सिंह की सरकार की स्थिति बता दी। यह कह रहे हैं कि सरकार बनने पर हम काम करेंगे। बनी बनाई सरकार नहीं चला पाए।

इस बीच पूर्व मंत्री आरिफ अकील बोले कि भोपाल के सरकारी स्कूलों में पानी, शौचालय की व्यवस्था कराएंगे क्या? अकील के सवाल पर विश्वास सारंग बोले कि सभी लोग एक जैसे सवाल पूछेंगे क्या? अकील के सवाल पर इंदर सिंह परमार बोले, हमने पहली बार पुताई के लिए फंड दिया है। नरोत्तम ने कहा कि आरिफ अकील जो लिस्ट देंगे, उन स्कूलों में पुताई और टॉयलेट की व्यस्था सुनिश्चित कराएंगे।

सदन की कार्यवाही से पहले प्रश्नोतरी के प्रश्नों पर विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने सदस्यों से चर्चा की।