Fraud
Fraud

भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने प्लाट की अनुबंध कर एडवांस 1.10 लाख रूपए लेने के बाद न तो रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा वापस किया।

एसआई प्रदीप गुर्जर ने बताया कि इंद्र विहार कॉलोनी एयरपोर्ट रोड निवासी सरिता मेहोनी पति एसके मेहोनी (48) गृहणी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने जुबेर नाम के व्यक्ति के माध्यम से देवेन्द्र दुबे से एक प्लाट का चार लाख रूपए में सौदा किया था। इसके बाद मई 2017 में सांई राम कॉलोनी नोटरी दुकान पर दोनों पक्षों के बीच प्लाट का अनुबंध हुआ था।

इस दौरान फरियादिया ने देवेन्द्र दुबे को एडवांस के तौर पर 1.10 लाख रूपए दिए थे। इसके बाद शेष रकम रजिस्ट्री के वक्त देना तय हुआ था। लेकिन आरोपी देवेन्द्र दुबे ने प्लाट की रजिस्ट्री नहीं कराई। वह अनुबंध के बाद से ही रजिस्ट्री की बात करने पर टाल मटोल कर जाता था। तंग आकर महिला ने एक लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी जुबेन और देवेन्द्र दुबे के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है।

Crime News: चिप्स बनाने की मशीन खरीदने गया था व्यापारी, देने पड़ गए 10 लाख

कारीगर ने तोड़ा महिला का भरोसा

भोपाल। ज्वैलर्स की दुकान का संचालन करने वाली महिला एक एक कारीगर को सोना देकर उससे जेवर बनवाती थीं। दोनों के बीच करीब दस साल से कारोबारी संबंध थे। करीब चार महीने पहले उन्होंने कारीगर को जेवर बनाने के लिए 60 ग्राम सोना दिया था। इस बार कारीगर ने उनके भरोसे को तोड़ दिया तथा जेवर बनाकर नहीं दिए। साथ ही न तो सोना दिया और न पैसे। मामले की शिकायत हबीबगंज थाने में की गई थी। पुलिस ने जांच के बाद अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर लिया है।

हबीबगंज थाना प्रभारी मनीषराज भदौरिया ने बताया कि दस नंबर मार्केट में आकर्षण ज्वैलर्स नाम से सराफा दुकान है जिसका संचालन 42 वर्षीय श्वेता पाठक करती हैं। वे अपनी दुकान के लिए पुराने शहर के बंगाली कारीगर सुब्रतो नंदी से जेवर बनवाती हैं। श्वेता उन्हें सोना दे देती हैं, सुब्रतो इसके अलग-अलग डिजाइन के जेवर बनाकर उन्हें देता था। करीब दस साल से वह उससे जेवर बनवा रही थीं।

गत अक्टूबर के महीने में उन्होंने सुब्रतो को जेवर बनाने के लिए 60 ग्राम सोना दिया था। तय समयसीमा गुजर जाने के बाद श्वेता पाठक ने जब उससे बने हुए जेवर मांगे तो उसने टालमटोली करना शुरू कर दिया। बार-बार मांगने के बाद ही जब उसने सोना अथवा जेवर वापस नहीं किए तो मामले की शिकायत पुलिस को कर दी गई। पुलिस ने जांच के बाद सुब्रतो नंदी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर लिया है। गबन किए गए सोने की कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपए बताई गई है।