जबलपुर। जबलपुर के बरगी से कांग्रेसी विधायक संजय यादव के छोटे बेटे विभोर ने गुरुवार को खुद को गोली मार ली। उन्हें तत्काल गंभीर हालत में भंडारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। विभोर ने दोपहर में अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से कनपटी पर फायर कर लिया था। विभोर ने जहां खुद को गोली मारी वहां मौके पर सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पापा-मम्मी को अच्छा बताते हुए घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।

एमएलए संजय यादव के दो बेटे हैं। इनमें से विभोर नाम का 17 वर्षीय छोटा बेटा घर पर ही था। गौरव की मां सीमा किसी काम से भोपाल गई थीं, जबकि पिता किसी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। बड़ा बेटा समर्थ यादव पेट्रोल पंप पर गया हुआ था। गौरव के अलावा घर पर केवल नौकर हरिनाथ था। दोपहर करीब डेढ़ बजे नौकर हरिनाथ को घर की पहली मंजिल से पिस्टल चलने की आवाज सुनाई दी। हरिनाथ तुरंत पहुंचा, तो देखा विभोर खून से लथपथ पड़ा था। पास ही पिता की लाइसेंसी पिस्टल पड़ी थी। हरिनाथ ने तुरंत संजय यादव को सूचना दी। इसके बाद उसे तुरंत भंडारी अस्पताल ले जाया गया, जहां विभोर की मौत हो गई। घटना के बाद से घर के पास शोक का माहौल है। लोगों की यहां भीड़ इकट्ठी हो गई।

दोस्त के गम में आत्महत्या करने की आशंका
एसपी शहर के अनुसार सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। विभोर सत्य प्रकाश मदन महल स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों के लिए जांच कर रही है। घटना स्थल पर पुलिस को 4 पेज का सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में लिखा है कि मां और पापा बहुत अच्छे हैं और मेरे सारे दोस्त भी बहुत अच्छे हैं। मेरा दोस्त ऊपर चला गया है इसलिए मैं भी उसके पास जा रहा हूं। ये सुसाइड नोट उसने अपने 5 दोस्तों को भेजा है। उनसे दोस्तो से कहा कि तुम लोग बहुत अच्छे हो अब मैं जा रहा हूं। आशंका है कि उसका कोई दोस्त नहीं रहा। उसकी वजह से सुसाइड किया।


घटना के बाद पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने दुख जताते हुए ट्विटर पर लिखा है कि मेरे करीबी साथी, विधायक श्री संजय यादव के पुत्र विभु यादव के निधन की बेहद दुखद ख़बर प्राप्त हुई है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएँ। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणो में स्थान व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।