भोपाल। छोला मंदिर इलाके में एक किशोरी के साथ उसके ही जीजा ने छेड़खानी कर दी। रिश्तेदारी की बात होने के कारण परिजन कई दिनों तक चुप रहे। इसके बाद भी जब युवक नहीं माना तो किशोरी ने कल मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि 14 वर्षीय किशोरी गरीब नगर इलाके में रहती है। इसी इलाके में उसकी रिश्ते की बहन भी रहती है। नजदीकी संबंध होने के कारण दोनों के परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। गत 3 मार्च को किशोरी अपनी दीदी के धर गई थी। इस दौरान जीजा तो घर पर था लेकिन दीदी नहीं थी। सूनेपन का फायदा उठाकर जीजा ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ा तथा छेड़खानी कर दी।
किशोरी ने जब शोर मचाना शुरू किया तो जीजा ने उसे छोड़ दिया। किशोरी ने घर जाकर पूरी बात बताई। चूंकि परिवार की बदनामी का मामला था इसलिए घर वाले इस घटना पर चुप रहे। उनकी चुप्पी का फायदा उठाते हुए जीजा ने किशोरी को परेशान करना नहीं छोड़ा। परेशान होकर किशोरी ने परिजनों के साथ थाने जाकर मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार
भोपाल। परवलिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कल दोपहर को गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आधा किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। बदमाश के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार बाबू खां पुत्र हबीब खां 50 साल निवासी परवलिया को मुखबिर की सूचना पर कल दोपहर को नेशनल हाईवे क्रमांक 12 पर बने बस स्टॉप से गिरफ्तार किया।
आरोपी गांजा खपाने की जुगाड़ में बैठा था। तलाशी में उसके पास से एक पालीथिन मिली है। जिसमें गांजा रखा हुआ था। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।