Bhopal News: पति से तलाक होने के बाद महिला के नजदीकी संबंध एक युवक से हो गए। युवक ने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इसके बाद वह शारीरिक शोषण करता रहा। करीब सात साल तक शोषण करने के बाद वह महिला को छोड़कर भाग गया। महिला ने अजाक थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
महिला शाहजहांनाबाद इलाके में रहती है-
अजाक पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय महिला शाहजहांनाबाद इलाके में रहती है। उसका अपने पति से तलाक हो चुका है। इसी इलाके में गौतम कुमार यादव नाम का युवक रहता था। वह मूलत: बिहार जिले का रहने वाला था तथा यहां पर पढ़ाई करने के लिए आया था। यहां पर वह किराए के मकान में रहता था। दोनों के बीच वर्ष 2014 में पहचान हुई थी। दोनों के बीच जब बातचीत होने लगी तो महिला ने अपने परिवार की बातें भी उससे शेयर करने लगी। महिला की अपने पति से अनबन चल रही थी।
दोनों के बीच के तनाव का फायदा उठाते हुए युवक ने महिला से नजदीकी संबंध बना लिए तथा एक दिन मौका पाकर उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। इसी दौरान महिला का अपने पति से तलाक हो गया। तलाक के बाद दोनों के बीच की नजदीकियां और भी बढ़ गईं तथा युवक ने महिला को शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद उसने महिला का शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।
महिला जब भी शादी की बात कहती तो वह अच्छी सी नौकरी लगने की बात कहकर बात को टाल देता था। पिछले दिनों युवक की पढ़ाई पूरी हो गई तथा वह नौकरी करने के लिए मुंबई चला गया। मुंबई जाने के बाद उसने महिला से दूरी बनाना शुरू कर दी। महिला ने शादी का दबाव डाला तो उसने शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को कर दी। अजाक पुलिस ने बलात्कार का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।