भोपाल। शादी के कुछ दिनो बाद ही विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ना दी जाने लगी। उससे स्कॉर्पियो गाड़ी व लाखों रुपए की मांग की जा रही थी। प्रताड़ना से परेशान होकर नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच के बाद पुलिस ने विवाहिता के पति व दो जेठ व जिठानियों के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सपना लोधी छोला मंदिर इलाके के महोली गांव में रहती थी। दिसंबर 2022 में उसकी शादी जितेन्द्र लोधी से हुई थी। जितेन्द्र का मछली पालन का काम है साथ ही उसकी जमीन भी है। जिस पर वह खेती-किसानी करता है। उसके भाई घनश्याम लोधी व राजेश लोधी अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। सभी भाइयों के बीच जमीन व मकान का बंटवारा हो चुका है।
पांच दिन पहले सपना ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। चूंकि नवविवाहिता की मौत हुई थी जिसके कारण इस मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त द्वारा की गई। जांच में जब पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों के बयान लिए तो पता चला कि शादी के कुछ दिन बाद से ही सपना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। जितेन्द्र व उसके भाई तथा भाभियां दहेज की मांग कर रही थीं। इसी प्रताड़ना से त्रस्त होकर सपना ने फांसी लगा ली थी। जांच के बाद दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है।
एमएससी फायनल ईयर की छात्रा ने की खुदकुशी
भोपाल। टीटी नगर थाना इलाके में रहने वाली बीएससी की छात्रा ने दो दिन पहले घर में फांसी लगा ली थी। परिजनों ने फंदे से उतारकर उसे अस्पताल पहुंचाया था। जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। बॉडी को पोस्टमार्टम के बाद आज सुबह परिजनों के वाले कर दिया गया है।
एएसआई चंद्रभान सिंह के अनुसार शालिनी नेगी पुत्री एसएच नेगी (23) निवासी नवीन कन्या विद्यालय के पास तुलसी नगर एमएससी फायनल ईयर की छात्रा थी। उसके पिता पीडब्ल्यूडी में बतौर बाबू कार्यरत हैं। शालिनी परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके आलावा एक भाई है। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि शालिनी का मानसिक संतुलन कुछ समय से बिगड़ा हुआ चल रहा था। उसका इलाज भी मनोचित्सिक के पास चल रहा था। बुधवार की शाम को शालिनी ने घर में स्थित अपने कमरे में फांसी लगा ली थी।
तत्काल परिजनों ने फांसी का फंदा काटकर उसे उतारा था। तब लड़की की सांसे चल रही थीं। जिसे पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उसे हमीदिया अस्पताल में रिफर कर दिया गया। हमीदिया में एक दिन चले चले इजाज के बाद बीती रात युवती की मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है। आज बॉडी को पीएम के बाद में परिजनों के हवाले कर दिया गया है। मृतका के परिजनों के डिटेल बयानों को भी दर्ज कर लिया गया है। जिसमें उन्होंने बताया कि मानसिक बीमारी के चलते लड़की द्वारा खुदकुशी की आशंका है।