भोपाल। मध्यप्रदेश में कर्मचारियों के विभिन्न संगठन इन दिनों अपनी-अपनी मांगों को लेकर हड़ताल, धरना और प्रदर्शन कर रहे हैं। चूंकि, प्रदेश में इस साल चुनाव होने हैं, इसलिए कर्मचारी सरकार से अपनी मांगों को मनवाने के लिए सड़क पर उतरे हुए हैं। मध्यप्रदेश के सहकारिता कर्मचारी भी भोपाल में जुटे हुए हैं, वहीं मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के बैनर तले कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इनमें संविदा कर्मचारी, स्थायी कर्मी, कम्प्यूटर ऑपरेटर, दैनिक वेतन भोगी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आदि शामिल हैं। इन कर्मचारियों की नियमितकरण, वेतनवृद्धि सहित अन्य मांगे हैं।

किया था मंत्री के बंगले का घेराव

बता दें कि, बीते दिवस सहकारी कर्मचारियों ने सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया के बंगले का घेराव किया था। वेतन वृद्धि सहित कई मांगों को लेकर कर्मचारी काफी देर तक डटे रहे, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो धरने पर बैठ गए। जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ अपनी 4 सूत्रीय मांगों को लेकर भोपाल पहुंचे हैं। इस दौरान कर्मचारियों को समझाइश देने के लिए विभाग के अधिकारी पहुंचे, जिनसे बातचीत भी हुई और 4 मांगों में से 2 पर ही सहमति बन पाई। लेकिन कर्मचारी वेतन वृद्धि की मांग पर अड़े हुए हैं।

Bhopal : करोंद क्षेत्र में 40 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर

गौरतलब है कि, चुनावी साल के चलते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस समय अलग-अलग सम्मेलनों के जरिये कर्मचारियों सहित प्रदेश की जनता, जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद बनाए हुए हैं। साल की शुरुआत में ही सीएम ने सरपंचों, निकाय प्रतिनिधियों, जनपद अध्यक्षों की सैलरी बढ़ाई है, ऐसे में अब अन्य कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचा रहे हैं।