सतना। शबरी माता की जयंती पर सतना में आयोजित हुए ‘कोल जनजाति महाकुंभ’ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान करते हुए कहा कि कोल समाज की बहनों को भी आहार अनुदान योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपए सरकार देगी। सीएम चौहान ने कहा कि, विशेष पिछड़ी जनजातीय बैगा, भारिया, सहरिया की बहनों को एक हजार रुपया प्रतिमाह आहार अनुदान दिया जाता है। अब इस लाभ से कोल समाज की बहनों को भी लाभान्वित किया जाएगा।
सीएम चौहान ने कहा कि इस कोल महाकुंभ में हम ये संकल्प लेते हैं कि कोई भी कोल समाज का भाई-बहन रहने की जमीन के टुकड़े के बिना नहीं रहेगा। हर भूमिहीन भाई-बहन को रहने के लिए प्लॉट उपलब्ध कराया जाएगा। कोल समाज के बेटा-बेटियों व्यवसाय के लिए सब्सिडी पर लोन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी गारंटी की सरकार लेगी। कोल समाज के छात्रों के लिए रीवा में पोस्ट ग्रेजुएट हॉस्टल और सतना में बेटियों के लिए हॉस्टल बनाया जाएगा।
मां शबरी विश्व का कल्याण करने वाली मां
यहां आज शुक्रवार को माता शबरी की जयंती के अवसर पर कोल जनजाति महाकुंभ का आयोजन किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दीप जलाकर महाकुंभ का शुभारंभ किया। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 50,699 लाख के कार्यों का शिलान्यास व 2,556 लाख के कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, मां शबरी विश्व का कल्याण करने वाली मां हैं।
मोदी सरकार आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और गरीबों की सरकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में कोल जनजाति का योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय… समाज के गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए समाज में सम्मान के साथ जीने का रास्ता बनाना, यही भाजपा सरकारों की पहचान है। उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब कांग्रेस की सरकार थी, गरीबों के घर में शौचालय नहीं था। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी ने 10 करोड़ गरीबों के घर में शौचालय बनवाए और इसमें से भी सबसे ज्यादा मेरे आदिवासी भाई-बहनों के घर में बने।
हम सबके विकास के लिए काम करते हैं
शाह ने कहा कि हम सबके विकास के लिए काम करते हैं। अंत्योदय भाजपा का आदर्श वाक्य है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के गरीब लोगों को सम्मानित जीवन प्रदान करना हमारा लक्ष्य और प्रतिबद्धता है। मोदी जी ने कहा था कि उनकी सरकार आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और गरीबों की सरकार है। उन्होंने अपनी सरकार के प्राथमिक उद्देश्यों का संदेश भेजा था। और आज 9 साल बाद हम जमीन पर उनकी प्रतिबद्धताओं को पूर्ण रूप से साकार होते देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोल समाज के सभी भाइयों-बहनों, मैं आपको 1831 का कोल विद्रोह भी याद दिलाना चाहता हूं। यह भाजपा की ही सरकार है जिसने जनजातियों द्वारा किए विद्रोह को स्थान देते हुए स्वतंत्रता संग्राम समारक बनाने का निर्णय लिया।
मध्यप्रदेश में फिर बनानी है भाजपा सरकार
कार्यक्रम में गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। गृहमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनानी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने 70 साल में जनजाति समाज के भाई-बहन को राष्ट्रपति नहीं बनाया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजाति समाज वह गरीब परिवार की द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया। स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में कोल जनजाति का योगदान स्वर्णाक्षरों में अंकित है। आज शबरी माता की जयंती पर सतना में ‘कोल जनजाति महाकुंभ’ को संबोधित कर रहा हूं।
सतना में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण
इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ पत्रों का वितरण किया। इस कार्यक्रम के बाद शाम को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय का लोकार्पण किया।