भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारें बेची और खरीदी जाती हैं। यहां विधायकों की खरीदी-बिक्री पर डिस्कांउट भी मिलता है। दिल्ली-पंजाब में हमारी सरकार ने बिजली, इलाज और स्कूल में शिक्षा मुफ्त कर दी है। मध्यप्रदेश में भी एक मौका दीजिए, यहां भी सब मुफ्त कर देंगे। युवाओं को नौकरी भी देंगे। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मध्य प्रदेश चुनावों को लेकर बड़ा एलान किया।

उन्होंने मंगलवार 14 मार्च को भोपाल में कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों के लिए अब आम आदमी पार्टी विकल्प बनेगी।

अब एक मौका ‘आप’ को देकर देखिए…

भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनता ने भाजपा को बहुत मौका दिया। काम करने के लिए 20 साल बहुत होते हैं। अब एक मौका ‘आप’ को देकर देखिए। अगर काम न करूं, तो वोट मांगने नहीं आऊंगा। दिल्ली में मौका दिया था। वहां की तस्वीर बदल कर रख दी। दिल्ली और पंजाब को छोड़कर देश में हर जगह स्कूलों और अस्पतालों की हालत खराब है।

देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए

केजरीवाल ने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री ने मनीष सिसौदिया को जेल भेजा, उस दिन लगा देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते, तो उन्हें शिक्षा का महत्व पता होता। कम पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री होगा, तो कोई भी उन्हें बेवकूफ बना देगा। प्रधानमंत्री से कोई कहेगा कि नोटबंदी से आतंकवाद कम हो जाएगा। कम पढ़ा-लिखा प्रधानमंत्री होगा, तो कोई कहेगा थाली बजवाओ, उससे तरंगें निकलेंगी और कोरोना भाग जाएगा। प्रधानमंत्री ने देश के लोगों से ताली बजवा दी।

व्यापमं घोटाले पर किसी को जेल नहीं भेजा

केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में व्यापमं घोटाला हुआ। वूमन एंड चाइल्ड डिपार्टमेंट में 100 करोड़ का घोटाला हुआ, लेकिन पीएम ने किसी को जेल नहीं भेजा।

अबकी बार गुजरात में सरकार

केजरीवाल ने कहा कि अब हम गुजरात के अंदर घुस गए। शेर की मांद में घुस गए हैं। इस बार 14 % वोट आए हैं। अगली बार सरकार बनाएंगे। भाजपा ने केजरीवाल के खिलाफ षड्यंत्र किया। इन्हाेंने दो मंत्री गिरफ्तार करवा दिए। मनीष सिसोदिया और दूसरे मंत्री को जेल में डाल दिया। दिल्ली और पंजाब छोड़कर पूरे देश में सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की हालत खराब है। मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के सरकारी स्कूल में कमाल करके दिखा दिया। इससे पहले भोपाल स्टेट हैंगर पर केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आजादी के बाद से अब ये हालत हो गई है कि वोट किसी को दो, सरकार बीजेपी की बनती है। दशहरा मैदान पर प्रदेशभर से आप कार्यकर्ता आए हुए हैं।

सीएम मान बोले : कांग्रेस सेल पर है

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए मान ने कहा कि ‘बड़े साहब’ कहते हैं कि में रेल के डिब्बों के चाय बेचता था। अब ‘बड़े साहब’ रेल ही बेच दी। ‘बड़े साहब’ ने रेल से लेकर तेल तक, सब बेच दिया। केंद्र सरकार ‘हम दो हमारे दो’ के नारे पर चल रही है। ऊपर वाले दो यानी अडाणी और अंबानी। मान ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस चेंज नहीं, एक्सचेंज हो गई है। कांग्रेस सेल पर है।

‘आप’ का राग, 14 को केजरीवाल कार्यकर्ताओं में फूंकेंगे सुर

मान ने कहा कि नीयत साफ हो, तो सब कुछ हो सकता है। पंजाब में आप ने ये कर दिखाया है। हम सच्ची नीयत से काम करने वाले लोग हैं। हम किसी पार्टी को छोड़ने या निकाले जाने वाले लोग नहीं हैं। मान ने कहा कि हम जनता से पूछकर पॉलिसी बनाते हैं। ‘सरकार आपके द्वार’ का काम हमारी सरकार करती है। विश्वस्तरीय शिक्षा पर सबका अधिकार है, लेकिन इनके यहां फर्क होता है। अमीर गरीब में.. किताबों तक फर्क करते हैं। काम करने वालों को भाजपा सरकार जेल में डलवा देती है।