– यहां दान किया जा सकेगा भोजन, ताकि हर जरूरतमंद को समय पर भोजन मिल सके
राजधानी भोपाल में पहली बार एक अनूठी पहल शुरू करते हुए जनता फ्रिज का अनावरण चूनाभट्टी स्थित बौद्ध विहार में भंते शक्यापुत्र सागर थेरो के द्वारा किया गया। इस अवसर पर वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने पूरे मन से इस लोक कल्याणकारी योजना को सफल बनाने का संकल्प लिया। दरअसल “जनता-फ्रिज” एक सामुदायिक फ्रिज है, जहां कोई भी व्यक्ति भोजन, दूध, सब्जियां, फल और अनाज दान कर सकता है।
जानकारी देते हुए भंते शक्यापुत्र सागर थेरो ने बताया कि इस अनूठी पहल के तहत कोई भी व्यक्ति भोजन के साथ-साथ हर वह वस्तु दान कर सकत है, जिसकी आवश्यकता जीवन की सुगमता के लिए होती है। मुख्य रूप से पुराने कपड़े, साबुत अनाज व आटा, कम्बल और वह सभी वस्तुएं जिसका अब हम उपभोग नहीं करते हैं और वह वस्तु उपकरण पड़े-पड़े खराब हो रहे हैं। ऐसी वस्तुओं को यहां आकर दान किया जा सकेगा।
24 घंटे काम करेगा जनता फ्रिज :
इस योजना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य हर जरूरतमंद को ताज़ा और पौष्टिक खाना उपलब्ध कराना है और दानकर्ताओं से यही अपेक्षा है कि वो यथासंभव अपनी सुविधा के अनुसार घर के बने खाने और घर पर उपलब्ध खाने में से कुछ जनता फ्रिज के लिए दान करें, ताकि हर जरूरत मंद को पौष्टिक भोजन मिल सके। इस योजना के तहत लोगों द्वारा उपलब्ध करवाए गए भोजन, को सामुदायिक फ्रिज की सहायता से संग्रहित किया जाएगा। ताकि लोगाें को ताजा स्थिति में भोजन मिल सके। साथ ही 24 घंटे भोजन की उपलब्धता बनी रहे और जरूरतमंद लोगों तक ताजा और पौष्टिक भोजन पहुंचे। इसको लेकर भी प्रयास किया जा रहा है, जिसे जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा।
100 लोगों की जरूरत का भोजन रखा जा सकेगा :
भंते सागर थेरो ने जानकारी देते हुए बताया कि इस डबल डोर जनता फ्रिज को बनवाने में लगभग 1 लाख रुपए का खर्च आया है। जिसे दान से मिली राशि से बनवाया गया है। इसमें एक समय में 100 लोगों के लिए भोजन रखा जा सकेगा। जनता फ्रिज की जानकारी पहले ही सोशल मीडिया और बैठकों के माध्यम से दानदाताओं को दी जा चुकी है। समाज सेवियों ने कहा है कि वे नियमित रूप से भोजन, फल यहां लाकर रखेंगे।
सुरक्षा के लिए लगवाए गए हैं सीसीटीवी कैमरे :
बौद्ध विहार के मुख्य द्वार पर स्थित जनता विहार की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे यहां अच्छे कपड़े, साबुत अनाज, आटा, कम्बल आदि भी दान कर सकते हैं। जिसके वितरण के लिए नेकी की दीवार की तर्ज पर काउंटर खोला जाएगा। यहां एक व्यक्ति की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो लोगों से भोजन, वस्त्र, अनाज और अन्य जरूरत का सामान लेकर खुले में रखेगा, ताकि गरीब एवं असहाय लोगों को जरूरत की चीजें आसानी से समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।