भोपाल। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि युवाओं को रोजगार देने और बिजली कंपनियों के कार्यों को सुचारू संचालन के लिए विभिन्न कंपनियों में रिक्त 453 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस संबंध में 21 फरवरी को विज्ञापन जारी कर दिया गया है। असिस्टेंट इंजीनियर, जूनियर इंजीनियर और अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी।
रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 फरवरी से 16 मार्च 2023 तक भरें जा सकेंगे। भर्ती की प्रक्रिया मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी द्वारा की जा रही है। यह भर्ती मप्र पावर जनरेटिंग कंपनी के साथ ही मप्र पावर ट्रासंमिशन कंपनी, मप्र पावर मैनेजमेंट कंपनी, मध्य क्षेत्र, पूर्व क्षेत्र और पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के लिए की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने किया पौध-रोपण
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में बरगद, कचनार और टिकोमा के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ लोधी कल्याण संघ के अध्यक्ष दीपक नरवरिया तथा सदस्य राहुल लोधी, हरि सिंह लोधी, माखन नरवरिया, राजेश सिंह और गजेंद्र सिंह राजपूत ने पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान को लोधी कल्याण संघ के सदस्यों ने वीरांगना अवंती बाई लोधी का चित्र भेंट किया।
साप्ताहिक समाचार-पत्र कृषक जगत के विनोद बोंद्रिया तथा श्रीमती हंसा बोंद्रिया ने अपनी विवाह वर्षगांठ पर पौधे लगाए। कृषक जगत के सुनील गंगराड़े तथा अजय बोंद्रिया साथ थे। मुख्यमंत्री चौहान को कृषक जगत समूह द्वारा प्राकृतिक खेती पर प्रकाशित पुस्तक भेंट की गई। प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक पद्मश्री सुभाष पालेकर द्वारा लिखित पुस्तक में प्राकृतिक कृषि के क्षेत्र में दीर्घ अनुभव रखने वाले गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत के विचारों को भी सम्मिलित किया गया है।