भोपाल। राजधानी भोपाल सहित पूरे प्रदेश में श्रद्धाभक्ति और हर्षोल्लास और धूम-धाम के साथ महाशिवरात्रि मनाई जा रही है। उज्जैन स्थित भगवान महाकाल मंदिर में भस्म आरती केसमय से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। हजारों की संख्या में भक्त भस्म आरती से लेकर सुबह दस बजे तक महाकाल के दर्शन कर चुके थे। शाम तक करीब पांच लाख लोगों के महाकाल के दर्शन करने की संभावना जताई जा रही है।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के बड़वाले महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवार शंकर की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि की कामना की है। वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल स्थित निवास पर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के कुशल-मंगल की कामना की है।
राजधानी भोपाल के शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर भक्ति, आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ रहा है। सुबह 5 बजे से श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सुबह 8.15 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचे और करीब आधा घंटा पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव सब पर कृपा करेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ महापौर मालती राय, पूर्व महापौर आलोक शर्मा, पार्षद मनोज राठौर आदि भी मौजूद थे। मंदिर में चांदी के रथ पर भगवान शिव की बारात निकलेगी। इसमें दूल्हा बने भगवान की नंदी पर बैठी चांदी की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। एक दिन पहले ही मंदिरों को फूलों और बिजली की झालरों से सजाया गया। कायस्थपुरा स्थित बड़वाले महावेद मंदिर से भगवान शिव की बारात सिंधी मार्केट, जवाहर चौक, जुमेराती, हनुमानगंज, मंगलवरा, इतवारा, चिंतामण चौराहा, चौक बाजार, लखेरापुरा, सोमवारा समेत कई इलाकों से गुजरेगी। इसके साथ ही अन्य रस्में होंगी।
महाशिवरात्रि पर्व पर भोजपुर सहित 10 स्थानों पर महादेव महोत्सव आज
मां वैष्णोधाम आदर्श नौ दुर्गा मंदिर में रुद्राभिषेक-
प्लेटिनम प्लाजा के पास स्थित मां वैष्णोधाम आदर्श नौ दुर्गा मंदिर में सुबह साढ़े 8 बजे से रुद्राभिषेक शुरू हो गया है। मंदिर के व्यवस्थापक पं. चंद्रशेखर तिवारी ने बताया, महाशिवरात्रि के मौके पर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया है। सुबह भगवान पशुपतिनाथ का वैदिक ब्राह्मणों द्वारा फलों के रस और 21 किलो दूध से रुद्राभिषेक किया गया। यह कार्यक्रम शाम तक चलेगा। यहां पिछले आठ साल से रुद्राभिषेक किया जा रहा है। भगवान पशुपतिनाथ श्रद्धालुओं की सभी मनोकामना पूर्ण करते हैं।