मध्य प्रदेश में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है और लोगों को हल्की हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश के लगभग सभी जिलों में सर्दी ने अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को दिन का तापमान भले ही सामान्य रहा हो, लेकिन रात को तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा ठंडक पड़ोसी जिले रायसेन में दर्ज की गई। पिछले एक सप्ताह से ही ठंड ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रायसेन में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
उत्तर पूर्वी हवाओं ने फिजा में घोली ठंडक
उत्तर पूर्व की हवाओं ने राजधानी में दस्तक देकर ठंड बढ़ाना शुरू कर दी है। दरअसल उत्तर पूर्व से आने वाली हवाओं के कारण ही प्रदेश में सर्दी बढ़ती है। वहीं राजधानी में चल रही 14 किमी प्रतिघंटा की हवाओं से भी लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है। ठंड के इस बार के तेवर को देखते हुए इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार लोगों का सामना कड़ाके की ठंड से होगा।
मौसम विभाग के अधिकारियों की मानें तो वर्तमान में राज्य में कोई सिस्टम या नमी नहीं है, लेकिन अरब सागर के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसके परिणाम स्वरूप कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना है और हल्की बारिश भी हो सकती है। साथ ही कुछ जिलों में आसमान में बादल भी छाए रह सकते हैं।
आज भी रहेगी हल्की ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी आसमान साफ रहेगा और शहर में शुष्क मौसम रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान में 13 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। साथ ही 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहेंगी।