भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चौथे कार्यकाल के आखिरी बजट से सभी वर्गों को सहेजने के प्रयास किए गए हैं। कांग्रेस के हंगामे के बीच पेश किए गए बजट में कई लोक लुभावनी घोषणाएं और योजनाएं शामिल हैं। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को सदन में मौजूदा भाजपा सरकार का अंतिम बजट पेश किया। विधानसभा चुनाव से करीब 8 महीने पहले आए इस बजट में सरकार ने जनता पर कोई नया कर नहीं लगाया है। बजट में युवा और महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की गई है। इस बजट को लेकर किसने क्या प्रतिक्रिया दी, यहां जानिए…

किसने क्या कहा

  • सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बजट को अमृतकाल में अमृत के वर्षा का बजट बताया है।
  • चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि बजट सर्व स्पर्शी और सर्व व्यापी है। यह बजट युवाओं के भविष्य को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला तथा महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में अनुपम उदाहरण है।
  • लक्ष्मण सिंह बोले- बजट भाभी ने बनाया या भैया ने…
  • बजट भाषण दौरान विपक्ष के हंगामे पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा, कांग्रेस झूठ की दुकान हो गई है।
  • पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, हमारी सरकार आती है तो हम महिलाओं को 1500 रु./महीना देंगे।
  • गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, जनता की जिंदगी बदलने वाला बजट है। गांव, गरीब, महिलाओं, किसान समेत सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।
  • संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने कहा, लाडली बहना योजना मध्यप्रदेश सरकार की संवेदनशीलता का परिचय है। एक श्रेष्ठ समाज के लिए मातृ शक्ति की सबसे बड़ी भूमिका होती है।
  • कांग्रेस प्रवक्ता मिथुन अहिरवार ने कहा, कथित 1000 रुपए का महिलाओं को लाभ। आज ही केंद्र सरकार ने 50 रुपए सिलेंडर पर बढ़ा दिए हैं। आगे-आगे देखिए होता है क्या।
  • कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ने कहा, 400 रुपए की गैस की टंकी इन्हें (BJP) डायन दिखा करती थी। आज 1100-1200 रुपए की गैस टंकी इन्हें विकास दिख रही है।
  • कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा, राजस्थान में अशोक गहलोत ने रसोई गैस में सब्सिडी दी है। शिवराज सरकार भी सब्सिडी देने की घोषणा करे।
  • वित्त मंत्री ने कहा, बजट जनता की उम्मीदों का होगा। जनता मुस्कुराएगी। ‘लाडली बहना’ के लिए विशेष बजट है।

MP Budget 2023 : बजट की खास बातें, जानिए किसे-क्या मिला…

ऐसे चली कार्यवाही

  1. सुबह 9 बजे मध्यप्रदेश सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अपने आवास से विधानसभा के लिए रवाना हुए।
  2. बजट पेश करने से पहले विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में कैबिनेट बैठक राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई।
  3. सुबह 10.50 बजे वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सदन में पहुंचे। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान भी सदन पहुंचे।
  4. सुबह 11 बजे वित्त मंत्री ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। इसी बीच कांग्रेस विधायक सदन से वॉकआउट कर गए।
  5. बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायक विधानसभा में गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे। दाम बढ़ने का विरोध करते हुए नारेबाजी की।
  6. वित्त मंत्री ने कांग्रेस के लिए कहा, 10 साल दिग्विजय सिंह की सरकार रही। उस समय कर्ज लेकर वेतन भत्ते देते थे।
  7. वित्त मंत्री ने कहा, बजट जनता की उम्मीदों का होगा। जनता मुस्कुराएगी। ‘लाडली बहना’ के लिए विशेष बजट है।
  8. वित्त मंत्री 1 घंटा 50 मिनट बोले। बजट भाषण के बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक स्थगित कर दी गई।