MP Weather : प्रदेश में बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्रदेश में बदल रहे मौसस के मिजाज को लेकर मौसम विभाग ने होली तक बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है। वहीं, आज सोमवार शाम को राजधानी भोपाल में जोरदार बारिश हुई। प्रदेश के कुछ जिलों में भी तेज आंधी और बारिश की खबरें हैं।
मौसम विभाग ने होली तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही कई जगहों पर तापमान में भी गिरावट होगी। ऐसे में प्रदेश के किसानों की परेशानी बढ़ गई है, क्योंकि ओलावृष्टि और तेज आंधी के चलते गेहूं फसल को नुकसान होने की आशंका है।
इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश और ओले गिरे, जिससे फसलों के नुकसान की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से नुकसानी के सर्वे की मांग की है।
जानिए मौसम का हाल
प्रदेश में मौसम के करवट बदलने के बाद से कई हिस्सों में हल्की से मध्य बारिश का दौर शुरू है। वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो रही है। पिछले दिनों मौसम विभाग की मानें तो मध्य प्रदेश में होली यानी 8 मार्च तक मौसम ऐसा ही रहेगा। बीते शनिवार व रविवार को राजधानी भोपाल में 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली धूल भरी तेज हवा चली। बारिश के चलते शाम का पारा लुढ़क गया। वहीं, आज भी कई जिलों में बारिश होने से पारा लुढ़क गया है।
होली तक ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में वेदर सिस्टम बदलने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो होली तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। जिसके चलते भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुर के हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है, जिसके चलते प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
होली के बाद फिर तेवर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जिसके चलते अरब सागर गर्म और नम हवाएं आ रही हैं। साथ ही दक्षिण-पश्चिम हवाएं भी मध्य प्रदेश पहुंच रहीं हैं। जिसके चलते प्रदेश के कई इलकों में हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो होली बाद मौसम फिर अपना तेवर बदलेगा और ज्यादात्तर हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ेगा।