सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां आरोपी ने तंत्र-मंत्र से उसकी बीमारी ठीक करने का दावा किया और मौका पाकर देर रात दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना सीधी जिले के मझौली थाना अंतर्गत ग्राम डांगी में 20 अक्टूबर की रात का है। यहां 14 वर्षीय किशोरी का स्वास्थ्य लंबे समय से ठीक नहीं चल रहा था। जिसके कारण परिजनों द्वारा झाड़-फूंक का सहारा लिया। इस घटना का शिकार हुई किशोरी ने बताया कि पास ही के एक ओझा के पास वो झाड़-फूंक करवाने के लिए गई, जहां पर ओझा ने भूत प्रेत बाधा होने की पुष्टि कर दी और किसी बहाने से लड़की के परिजनों को घर के लिए वापस भेज दिया।

इस दौरान लड़की का भाई लड़की के साथ था। भूत-प्रेत का भय दिखाकर ओझा ने भाई को भी कमरे से बाहर जाने को कह दिया। फिर लड़की से ओझा ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। फिर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। किशोरी ने घर जाकर पूरी बात बताई। फिर परिजनों ने थाने में जाकर मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपा ओझा संपत कोल को गिरफ्तार कर लिया गया है।