विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम आनंदपुर के पास स्थित खेरखेड़ी पठार के एक खेत में खुले पड़े बोरवेल में आज मंगलवार को 7 वर्षीय मासूम गिर गया। यह बोरवेल करीब 50 फीट गहरा बताया जा रहा है। बच्‍चे को बोरवेल से निकालने के लिए प्रशासन का अमला जुटा हुआ है। बोरवेल के आस पास में JCB की मदद से खुदाई कर उसे बचाने की कोशिश की जा रही है। वहीँ बच्चे को तत्काल ऑक्सीजन सप्लाई देनी शुरु कर दी गई है।

लटेरी तहसील के खेरखेड़ी गांव में बोरवेल में फंसे 7 साल के बच्चे को सकुशल निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बोरवेल के चारों तरफ बैरिकेट्स लगाए गए हैं, पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

चना की फसल काट रहा था मजदूर पिता

आनंदपुर से करीब तीन किमी दूर ग्राम खेरखेडी पठार में चना की फसल काट रहे मजदूर दिनेश अहिरवार का आठ वर्षीय पुत्र लोकेश खेलते समय पड़ोस के खेत में खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। बच्चे की चीख सुनकर माता-पिता को उसके बोरवेल में गिरने का पता चला। उन्होंने अन्य मजदूरों के माध्यम से सूचना पुलिस थाने को दी।

यह खेत किसान नीरज अहिरवार का बताया जा रहा है। थोड़ी देर बाद ही लटेरी एसडीएम हर्षल चौधरी सहित अन्य प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया और बचाव कार्य शुरू कर दिया। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर उमाशंकर भार्गव भी खेरखेड़ी के लिए रवाना हो गए।

बुलडोजर से की जा रही खोदाई

उन्होंने बताया कि मौके पर बुलडोजर से समीप में खोदाई कराई जा रही है। बोरवेल में बच्चें के लिए आक्सीजन की व्यवस्था भी कराई जा रही है। इधर, बच्चे के गिरने के बाद माता पिता की हालत खराब है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मौके पर बचाव कार्य जारी है। सदगुरु सेवा ट्रस्ट के चिकित्सक सहित अन्य लोग भी मौके पर हैं। बोरवेल में कैमरे लगाए जा रहे हैं।

नहीं रहे वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक, 78 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

खुला पड़ा था बोरवेल

ग्रामीणों ने बताया कि नीरज अहिरवार के खेत में धनिया की फसल बोई है। इसी के बीच बोरवेल खुला पड़ा था। बालक लोकेश खेलते हुए इस खेत में पहुंच गया और गड्ढा दिखाई नहीं देने पर नीचे गिर गया। बोरवेल करीब दो फीट चौड़ा और 50 फीट गहरा बताया जा रहा है। इसे किसान ने पिछले साल खुदवाया था, लेकिन पानी नहीं निकलने के कारण खुला ही छोड़ दिया था।