लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आता देख राजनीतिक दलों में गठजोड़-अलगाव का खेल शुरू हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ हाथ मिला लिया। इस गठबंधन का ऐलान पहले समाजवादी पार्टी के ट्विटर हैंडल से किया गया।
इसके बाद ओम प्रकाश राजभर ने खुद प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि यहां मसला सीटों की गणित का नहीं बल्कि भाजपा को हराने का है। उन्होंने कहा- भागीदारी संकल्प मोर्चा में सीटों का कोई विवाद नहीं है। हम कमरे में नहीं जनता के बीच में फैसला देने के लिए उनको (अखिलेश यादव) न्यौता दिए हैं। भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए हमारा समझौता है। सीटों का समझौता नहीं है।
हम लोग मिलकर 27 अक्टूबर के बाद सीटों पर बातचीत कर लेंगे। भागदारी संकल्प मोर्चा में सीटों का विवाद नहीं है। प्रदेश में अमन-चैन कायम करने के लिए, हिंदू-मुसलमान की हो रही राजनीति को समाप्त करने के लिए, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट माफ करने के लिए गरीबों का इलाज निशुल्क कराने के लिए हमने ये शर्तें उनके सामने रखा है। हमने सीट को लेकर कोई शर्त नहीं रखी है।
अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद राजभर ने कहा कि “आज अखिलेश यादव से मुलाकात हुई। हमने गठबंधन के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस और भाजपा को निमंत्रण दिया था। अखिलेश यादव ने हमारे न्योते को स्वीकार किया। हमारी उनसे एक घंटे बात हुई। 27 तारीख को महापंचायत रखी गई है जिसमें वंचित, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोग शामिल होंगे। सीटों के लिए 27 के बाद बैठ कर बात कर लेंगे। उन्होंने कहा कि सपा एक सीट भी नहीं देगी तो भी हम उनके साथ रहेंगे।”
ज्ञात हो कि पिछले दिनों सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि 27 अक्टूबर को गठबंधन की घोषणा हो जाएगी। इसी बीच उन्होंने मंगलवार को साफ कहा कि भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे।
गठबंधन ऐसी पार्टी से करेंगे जो अमन-चैन व भाईचारे की राजनीति करती हो और जो हिंदू और मुस्लिम को आपस में बांटने का काम न करे। उन्होंने गठबंधन के लिए सपा व बसपा की तरफ इशारा भी किया था। चूंकि बसपा प्रमुख मायावती पहले ही किसी दल के साथ समझौता न करने की घोषणा कर चुकी हैं। ऐसे में सपा के साथ ही गठबंधन की प्रबल संभावना जताई जा रही थी।