इंदौर। कहते हैं प्यार अंधा होता है। वो ऊंच-नीच, जात-पांत और कई बार सूरत-सीरत भी नहीं देखता है। प्यार उम्र का भी मोहताज नहीं होता है। कुछ ऐसा ही हुआ इंदौर के एक संभ्रांत परिवार की 45 वर्षीय महिला के साथ। मायके और ससुराल में करोड़ों का प्रॉपर्टी और पैसा होने के साथ ही शादीशुदा होने के बावजूद महिला को कब एक रिक्शेवाले से प्यार हो गया किसी को पता भी नहीं चला।
महिला के गायब होने के बाद पति उसकी गुमशुदीग की रिपोर्ट लिखाता रहा। उसे लगा कि उसकी पत्नी गुम हो गई है। जब उसने घर की तिजोरी पर नजर डाला तो उसके होश उड़ गए। तिजोरी से 47 लाख रुपए और जेवर से भरा बैग गायब था। इधर गहन जांच-पड़ताल शुरू की। जो कहानी सामने आई वो बेहद चौंकाने वाली थी।
इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र की हाजी कालोनी से संभ्रांत परिवार की 45 वर्षीय महिला अपने से 13 साल छोटे 32 वर्षीय रिक्शा चालक प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी बगैर बताए घर से लापता हो गई।
मोबाइल बंद मिला तो शक गहराया और उसके बारे में जानकारी जुटाई। पता चला उसका रिक्शा चालक इमरान से प्रेम प्रसंग चल रहा था और इमरान भी उसके साथ गायब है। लोकेशन के आधार पर एक टीम को जावरा भेजा गया है। फिलहाल दोनों के मोबाइल बंद आ रहे हैं।परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर जावरा, रतलाम और उज्जैन में छापे मार रही है। दोनों के पकडे़ जाने के बाद पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी। महिला अपने घर से करीब आठ दिन पहले लापता हुई है। खजरना पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की है। महिला का ससुराल और मायका पक्ष धनाढ्य वर्ग का है और वो करोड़ों की जमीन की मालिक है।