राजगढ़। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार से गुरुवार को एक युवक घायल हो गया। युवक को प्राथमिक इलाज के लिए जिले के जीरापुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उसे भोपाल रेफर कर दिया है। दिग्विजय सिंह भी घायल युवक का हालचाल जानने के लिए जीरापुर अस्पताल पहुंचे थे। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद युवक को बेहतर इलाज और जांचों के लिए भोपाल रेफर कर दिया गया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष के घर से लौट रहे थे दिग्विजय

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश पुरोहित की माताश्री का देहांत हो गया था। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए जिला अध्यक्ष पुरोहित के गांव कोड़क्या पहुंचे थे। वहां से दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद वह वापस राजगढ़ की ओर आ रहे थे। तभी जीरापुर में शिक्षक कालोनी के समीप बाइक सवार बब्लू पिता मांगीलाल बागरी (25) सड़क से गुजर रहा था। दिग्विजय सिंह की कार से उसकी बाइक की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बब्लू बाइक से नीचे जा गिरा व जख्मी हो गया। उसे सिर के साथ सहित कई स्थानों पर चोटें आईं हैं।

बाराती बस और मालवाहक वाहन में भिड़ंत, दो लोगों की मौत, 12 घायल

पूर्व विधायक पुरूषोत्तम दांगी ने पहुंचाया अस्पताल

इसी दौरान ब्यावरा के पूर्व विधायक पुरूषोत्तम दांगी की गाड़ी मौके पर आ पहुंची। ऐसे में दांगी व उनके सहयोगियों ने घायल को उठाया व स्वयं की गाड़ी में बैठाते हुए उसे जीरापुर अस्पताल पहुंचाया। पीछे-पीछे दिग्विजय सिंह भी अस्पताल जा पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों से घायल युवक के हालचाल के बारे में जानकारी ली और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। दिग्विजय सिंह ने युवक के सिर में चोट होने के चलते भोपाल रेफर करवाने की मांग की, ताकि उसका सीटी स्कैन करवाते हुए बेहतर उपचार हो सके। युवक को भोपाल रेफर किया गया है। भोपाल में भर्ती करवाने के लिए दिग्विजय सिंह ने स्वयं निजी अस्पताल में इंतजाम करवाए हैं।