जूनियर हॉकी विश्वकप : जर्मनी ने भारत को 4-2 से हराकर फाइनल में किया प्रवेश, अर्जेंटीना से होगा खिताबी मुकाबला
भुवनेश्वर। मौजूदा चैंपियन भारत का लगातार दूसरी बार एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप जीतने का सपना शुक्रवार को यहां छह बार के चैंपियन जर्मनी से 2-4 की हार के साथ टूट गया। जर्मनी फाइनल में अर्जेंटीना से भिड़ेगा। भारत अब तीसरे स्थान के लिए रविवार को फ्रांस से भरेगा। फ्रांस की टीम सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से शूटआउट में 3-1 से हार गई।
जर्मनी की टीम ने मैच की शुरुआत में ही गोल दागकर भारत पर दबाव बना दिया। जर्मनी की तरफ से एरिक क्लेनलेन (15वें मिनट), एरोन फ्लैटन (21वें मिनट), कप्तान हेंस मुलर (24वें मिनट) और क्रिस्टोफर कुटर (25वें मिनट) ने गोल किए। भारत के लिए उत्तम सिंह (25वें) और बॉबी सिंह धामी (60वें) ने गोल किए।
भारत ने क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ शानदार डिफेंस किया था, लेकिन जर्मनी के खिलाफ रक्षापंक्ति रंग में नहीं दिखी। उत्तम ने हालांकि बीच-बीच में अच्छा खेल दिखाया। जर्मन टीम ने शुरू से ही अच्छा खेल दिखाया।


हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम के खेल की प्रशंसा की
भारतीय हॉकी टीम भले ही सेमीफाइनल में हार गई, लेकिन हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए खेल की प्रशंसा की है। हॉकी इंडिया ने अपने टि्वटर अकाउंट पर लिखा है, भले ही हम सेमीफाइनल में हार गए, लेकिन हमारे खिलाड़ी अच्छा खेले। जूनियर हॉकी विश्व कप का फाइनल मुकाबला रविवार को कलिंगा हॉकी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से होगा। वहीं इससे पहले तीसरे और चौथे स्थान के लिए शाम 4:30 बजे से भारत और फ्रांस के बीच मैच खेला जाएगा श। अब भारतीय टीम फ्रांस को हराकर तीसरे नंबर पर रहना चाहेगी।