चंडीगढ़। धुरंधर भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। युवराज सिंह को सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, हरभजन सिंह, मोहम्मद कैफ, सरेश रैना, वीरेंद्र सहवाग सहित कई बड़े क्रिकेटर और अन्य हस्तियों ने जन्मदिन की बधाई दी है। वीरेंद्र सहवाग ने अपने टि्वटर पर लिखा है जब तक बल्ला चलता था तब तक तो ठाठ थी, जब बल्ला नहीं चला तब भी कुछ नहीं बदला, जलवा कायम है हैप्पी बर्थडे ब्रदर।

 

इसके साथ ही युवराज सिंह ने अपने 40वें जन्मदिन पर 25 साल के क्रिकेट करियर को याद करते हुए लिखा है। अब मैं क्रिकेट से अलग होकर दूसरी पारी खेलने जा रहा हूं, जिसमें वह कॉलेक्शन एनएफटी की बात करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया है कि इसके बारे में 25 दिसंबर को जानकारी मिलेगी। उल्लेखनीय है कि युवराज सिंह ने भारत के लिए 304 वनडे, 40 टेस्ट और 58 T20 मैच खेले हैं।

 

आज भी याद है युवराज के वो छह छक्के

ऑलराउंडर क्रिकेटर युवराज सिंह ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान कई यादगार पारियां खेली हैं। युवराज सिंह 2007 में T20 वर्ल्ड कप और 2011 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा थे। दोनों ही टूर्नामेंटों में युवराज सिंह ने गजब का खेल दिखाया था। 2011 के वनडे विश्व कप में युवराज सिंह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे थे। वहीं 2007 के टी-20 विश्व कप के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई आतिशी पारी को आज भी याद किया जाता है। इस मैच में युवराज सिंह ने इंग्लैंड के धाकड़ गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के मारकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था। युवराज सिंह की ओर से मारे गए वो छह छक्के आज भी क्रिकेट प्रशंसकों को याद हैं और उनकी अक्सर चर्चा होती है। आईसीसी ने भी युवराज सिंह को बधाई दी है।